Giridih News :तेज रफ्तार मोटरसाइकिल खड़े ट्रक से टकरायी, पुत्र की मौत, मां गंभीर

Giridih News :बगोदर थानांतर्गत जीटी रोड पर झरी पुल के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसकी मां घायल हो गयी. घटना रविवार शाम चार बजे की बतायी जाती है. मृतक आशीष पंडित (18 ) पिता गोपी पंडित युवक थाना क्षेत्र के दामा गांव का रहनेवाला था.

बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं पहना था. गंभीर रूप से घायल अंजनी देवी को बगोदर ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद बाहर रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, आशीष पंडित अपनी मां अंजनी देवी को लेकर बगोदर बाजार से खरीदारी कर लौट रहा था. जीटी रोड पर झरी पुल के समीप पहले से खड़े एक ट्रक में उसकी बाइक ने पीछे से जोरदार धक्का मार दिया. बाइक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गयी. मौके पर ही युवक की मौत हो गयी. हादसे के बाद ट्रक का चालक फरार हो गया.

जीटी रोड की एक लेन को किया जाम

इधर, आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड की एक लेन को जाम कर दिया. सूचना पर सदल-बल पहुंचे बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने जाम कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया. आक्रोशित लोगों का कहना था कि हाइवे पर आये दिन ट्रक खड़ा कर चालक खाना खाने और आराम करने लाइन होटलों में चले जाते हैं. सड़क पर ट्रक घंटों खड़े रहते हैं. घटना में पूरी तरह ट्रक चालक दोषी है.

जनप्रतिनिधियों की मदद से जाम हटा

घटना की सूचना मिलते ही बगोदर प्रमुख आशा राज, उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह, परमेश्वर महतो, पूर्व जिप सदस्य सरिता महतो, पूर्व मुखिया महेश महतो, मो अमजद खान, जितेंद्र महतो मौके पर पहुंचे. सभी की मदद से लोगों को समझा-बुझा कर जाम हटाया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को लेकर बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेज दिया है. डेढ़ घंटे बाद जीटी रोड से जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो पाया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >