जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है, वहीं शहरवासियों की परेशानी बढ़ा दी है. कई मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बन गयी है. कुछ घरों के निचले हिस्सों में भी पानी घुस गया है.
स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण सुबह ट्यूशन जाने वाले छात्र-छात्राओं और स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी हो रही है. सड़कों पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हुआ है. कई जगह लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है.
उसरी नदी का जलस्तर बढ़ गया
इधर, लगातार बारिश के बाद उसरी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है और नदी उफान पर है. नदी का बढ़ा जलस्तर और तेज बहाव लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. बारिश के बावजूद कुछ लोग उसरी नदी का मनोरम दृश्य देखने पहुंच रहे हैं.
मौसम है सुहाना तो मस्ती भी उठा रहे लोग
मौसम सुहाना होने के कारण कई लोग बारिश का आनंद भी उठा रहे हैं. मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग छाता लेकर सड़कों पर निकल रहे हैं. हालांकि, लगातार बारिश ने लोगों की रोजमर्रा की दिनचर्या को प्रभावित किया है.
किसानों के लिए राहत, शहरवासियों की बढ़ी आफत
बारिश को खेती के लिए राहत माना जा रहा है. खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से किसानों को फायदा होने की उम्मीद है. दूसरी ओर, शहर में जलजमाव और सड़कों पर पानी भरने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. लोगों ने जलजमाव वाले इलाकों से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है.
