‘सड़क पर पीटा, थाने में भी मारपीट की’, गिरिडीह के युवक ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

गिरिडीह नगर थाना पुलिस पर एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. घायल युवक का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपों को गलत बताया है.

गिरिडीह. नगर थाना पुलिस पर 25 वर्षीय युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी निवासी लखन साव ने आरोप लगाया कि घर के पास दोस्तों के साथ खड़े रहने के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी बाइक जब्त कर नगर थाना ले गयी.

इसके बाद बाइक लेने थाना पहुंचने पर थाना परिसर में भी उसके साथ मारपीट की गयी. युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद पुलिसकर्मी ही उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया.

घायल युवक

हालांकि नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने युवक के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है. उनका कहना है कि पुलिस ने युवक के साथ किसी तरह की मारपीट नहीं की.

सड़क पर मारपीट करने का लगाया आरोप

घायल लखन साव ने बताया कि वह ऑर्बिट होटल के समीप अपने घर के पास कुछ दोस्तों के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था. इसी दौरान नगर थाना की पुलिस वहां पहुंची. लखन का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बिना स्पष्ट कारण मारपीट करने लगे.

युवक के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उसके साथ सड़क पर मारपीट की और उसकी बाइक भी अपने साथ नगर थाना ले गयी. घटना के बाद उसने अपने बड़े भाई और परिजनों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद वह भाइयों और अन्य लोगों के साथ बाइक लेने नगर थाना पहुंचा.

थाना परिसर में दोबारा मारपीट का आरोप

लखन साव का आरोप है कि थाना परिसर पहुंचने के बाद भी उसके साथ मारपीट की गयी. उसने थाना प्रभारी समेत वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया.

युवक के अनुसार, मारपीट के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी और वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा. इसके बाद पुलिसकर्मी उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कर लिया. फिलहाल लखन साव का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

घटना की जानकारी मिलने पर घायल युवक की बड़ी बहन भी अस्पताल पहुंचीं. भाई की स्थिति देखकर उन्होंने पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उनका कहना था कि यदि उनके भाई ने कोई गलती की थी तो पुलिस उससे पूछताछ कर सकती थी, लेकिन इस तरह मारपीट करने का अधिकार किसी को नहीं है.

पुलिस ने आरोपों को बताया गलत

नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने युवक के साथ मारपीट के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया. उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर युवक और उसके साथी खड़े थे, वहां अक्सर लोगों के जमावड़े और नशे के सेवन की शिकायत रहती है.

ये भी पढ़ें: सुदिव्य कुमार सोनू गांडेय के लिए छोड़ गये पर्यटन विकास की बड़ी सौगात, पांच स्थलों पर शुरू कराया था काम

थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोग भागने लगे. इसी दौरान युवक की बाइक और मोबाइल वहीं छूट गये, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर थाना लाया. इसके बाद युवक अपने अन्य साथियों के साथ नगर थाना पहुंचा और वहां हंगामा करने लगा.

थाना प्रभारी ने दावा किया कि युवक खुद भी डेंड्राइट के नशे में था और पुलिस ने उसके साथ किसी तरह की मारपीट नहीं की. पुलिस के इस पक्ष के बाद मामले में युवक के आरोप और पुलिस के दावे दोनों सामने आये हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rakesh sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >