स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को भेलवाघाटी थाना सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आश्रम विद्यालय नोनियातरी में दोपहर एक बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. कार्यक्रम में थाना क्षेत्र की सभी पांच पंचायतों के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे.
भेलवाघाटी के थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने गुरुवार को बताया कि आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, देशभक्ति और रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देना है. इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
कार्यक्रम में नाटक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया जायेगा. कार्यक्रमों में नशा मुक्ति, साइबर फ्रॉड, डायन प्रथा, दहेज प्रथा, बाल विवाह, मानव तस्करी, सड़क सुरक्षा और शिक्षा के महत्व विषय पर लघु नाटक प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी.
इसके अलावे खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जायेगा. छात्रों के लिए बोरा जंप रेस और स्लो साइकिल रेस तथा छात्राओं के लिए चम्मच-गोली रेस, बिस्कुट रेस और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी. कार्यक्रम में आयोजित होनेवाले स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जायेगा.
