गिरिडीह रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब कोलकाता जाना होगा आसान, देखें पूरा रूट प्लान

गिरिडीह रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है. रेल मंत्रालय ने गया से सांतरागाछी के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है. यह ट्रेन कोडरमा, न्यू गिरिडीह और मधुपुर होते हुए गुजरेगी, जिससे पश्चिम बंगाल की यात्रा सुगम हो जाएगी.

गिरिडीह. जिले के रेल यात्रियों के लिए नयी रेल सेवा का रास्ता साफ हो गया है. रेल मंत्रालय ने गया से सांतरागाछी के बीच नयी एक्सप्रेस ट्रेन चलाने को मंजूरी दी है. ट्रेन संख्या 13692/13691 गया-सांतरागाछी एक्सप्रेस गया से चलकर कोडरमा, न्यू गिरिडीह और मधुपुर होते हुए सांतरागाछी पहुंचेगी. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है.

रेल मंत्री के पत्र के अनुसार, अन्नपूर्णा देवी ने 12 जून 2026 को गया से हावड़ा के बीच नयी ट्रेन चलाने के संबंध में अनुरोध किया था. इसी प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए गया-सांतरागाछी एक्सप्रेस को उक्त मार्ग से चलाने की स्वीकृति दी गयी है. इससे गया, कोडरमा, गिरिडीह और मधुपुर क्षेत्र के यात्रियों को पश्चिम बंगाल की ओर जाने के लिए एक अतिरिक्त सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी.

लंबे समय से थी सीधी ट्रेन की मांग

गिरिडीह से हावड़ा और कोलकाता क्षेत्र के लिए सीधी रेल सेवा की मांग लंबे समय से उठती रही है. नयी ट्रेन के न्यू गिरिडीह होकर चलने से यात्रियों को कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचने का एक और विकल्प मिलेगा. व्यापार, शिक्षा, रोजगार और अन्य कार्यों के सिलसिले में पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को भी इससे सुविधा मिलने की उम्मीद है.

परिचालन की तारीख और समय-सारिणी अभी तय नहीं

रेल मंत्रालय से ट्रेन के परिचालन की स्वीकृति मिलने के बाद अब यात्रियों को इसके वास्तविक परिचालन का इंतजार है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार ट्रेन के परिचालन की तारीख, समय-सारिणी, सप्ताह में कितने दिन चलेगी और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे की ओर से अभी जारी नहीं की गयी है.

मुकेश जालान ने जतायी खुशी

जेडआरयूसीसी सदस्य सह भाजपा नेता मुकेश जालान ने ट्रेन की स्वीकृति पर खुशी जतायी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के प्रति आभार जताया. उन्होंने बताया कि उन्होंने 11 जून 2026 को अन्नपूर्णा देवी को गया से कोलकाता के बीच नयी एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का अनुरोध किया था. इसके बाद अन्नपूर्णा देवी ने रेल मंत्री से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया था.

भाजपा नेताओं ने जतायी खुशी

नयी ट्रेन की स्वीकृति पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी खुशी जतायी. इस दौरान गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, महादेव दुबे, मनोज सिंह, नवीन सिन्हा, साहिल कुमार, मिथुन चंद्रवंशी, कबीर राज, जयशंकर सिन्हा, कुंदन सिंह, राजेश गुप्ता और खीरोधर दास समेत अन्य ने प्रसन्नता जतायी.

यह होगा रूट

गया → कोडरमा → न्यू गिरिडीह → मधुपुर → सांतरागाछी

रेलवे की ओर से परिचालन की तारीख और समय-सारिणी जारी होने के बाद यात्रियों को ट्रेन के ठहराव और संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी मिल सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Suraj kumar sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >