गिरिडीह जिले में लिथियम का भंडार पाये जाने के बाद अब यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है, इसलिए केंद्रीय जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की टीम सर्वे करने के लिए गिरिडीह पहुंची है. इधर जब उक्त अधिकारियों से असुरहड्डी पहाड़ी पर मिले लिथियम के बारे में पूछा गया तो अधिकारियों ने कुछ भी बताने से साफ इंकार कर दिया. अधिकारियों ने कहा कि यह केंद्र सरकार का गोपनीय विषय है, जिस पर कोई बात नहीं की जा सकती है.
अवैध खनन में मिले थे कई बेशकीमती पत्थर
बता दें कि पिछले कई माह से उक्त पहाड़ी पर जियोलॉजिकल सर्वे की टीम लगातार कार्य कर रही है और उत्खनन कर कई चीजों की जानकारी प्राप्त करने में जुटी है. इससे एक डेढ़ वर्ष पूर्व इन्हीं असुरहड्डी पहाड़ी पर पत्थर माफिया द्वारा गैरकानूनी रूप से अवैध उत्खनन कर बेशकीमती पत्थर जैसे पोखराज, गोमेद, त्रिमुल्ली आदि की तस्करी की जा रही थी, जिस पर प्रशासन की गाज गिरने के बाद पत्थर माफिया क्षेत्र छोड़कर भाग गए.
