सरिया. वन भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जे की नीयत से जेसीबी चलाकर समतलीकरण करने के मामले में सरिया वन विभाग ने एक जेसीबी वाहन जब्त किया है. शनिवार की देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने सरिया थाना क्षेत्र के सर्वोदय आश्रम जाने वाले रास्ते के पास वन भूमि पर जेसीबी से समतलीकरण का काम किया जा रहा था. इसी दौरान आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली.
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और काम का विरोध करने लगे. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी सरिया वन विभाग को दी. इसके बाद वन परिसर पदाधिकारी अंशु कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया.
ग्रामीणों के पहुंचते ही मौके से भागे लोग
ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए वन भूमि पर समतलीकरण का काम कर रहे लोग मौके से भाग निकले. जेसीबी चालक भी वाहन छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद वन विभाग की टीम जेसीबी को जब्त कर सरिया वन विभाग कार्यालय ले आयी.
ये भी पढ़ें: Sudivya Kumar Sonu का आखिरी पोस्ट पढ़कर भावुक हुए लोग, निधन से दो दिन पहले लिखी थी ये बात
घटना के बाद इलाके में वन भूमि पर अतिक्रमण को लेकर चर्चा तेज हो गयी है. ग्रामीणों ने वन भूमि को सुरक्षित रखने और इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है.
बिना नंबर प्लेट की मिली जेसीबी
फॉरेस्टर अंशु कुमार पांडेय ने बताया कि घटना में इस्तेमाल जेसीबी को वन परिसर में लाया गया है. जेसीबी पर नंबर प्लेट अंकित नहीं है. ऐसे में उसके चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक और वन भूमि पर कथित अतिक्रमण की गतिविधि में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.
उन्होंने बताया कि पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है.
