बिरनी थाना क्षेत्र के प्रतापपुर में अतिक्रमण रोकने गये ग्रामीणों पर हमला मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मंगलवार की सुबह हुई घटना में अतिक्रमण रोकने गये लोगों पर सहदेव यादव के परिवार द्वारा हमला किया गया था. इसमें पांच लोग घायल हुए थे. घायलों में सहदेव व उसकी मां भी शामिल हैं. घायल लालू यादव और संगीता देवी के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने हमला करने के आरोपी किशोरी यादव को जेल भेज दिया है. जबकि, एक अन्य को हिरासत में लेकर नाबालिग बताकर भरकट्टा ओपी से ही छोड़ दिया. इससे भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हैं.
घायल भाजपा नेता के परिवार से मिले विधायक नागेंद्र महतो
अतिक्रमण रोकने गये ग्रामीणों में सुरेंद्र यादव भाजपा के नेता हैं, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. रिम्स रांची इलाज नहीं होने के कारण उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है. अन्य घायलों की स्थिति भी गंभीर है. घटना की खबर सुनकर गुरुवार को बगोदर के विधायक नागेंद्र महतो गांव पहुंचे और सुरेंद्र यादव व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली. विधायक को बताया कि सुरेंद्र को कान के बगल में तलवार से गंभीर चोट लगी है. वहीं, दिनेश यादव की एक अंगुली कटकर अलग हो गयी है. लालू के माथे पर गंभीर चोट लगी है. कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण इतनी बड़ी घटना घटी है. एक आरोपी को भरकट्टा ओपी से छोड़ देने पर एसडीपीओ ने कहा कि नाबालिग रहने व भविष्य खराब होने के कारण उसे छोड़ा गया है. इस पर विधायक ने कहा कि जो तलवार से हमला कर रहा हो, उसे नाबालिग बताकर छोड़ना कहां तक उचित है. कहा कि अविलंब दोषियों की गिरफ्तारी हो, अन्यथा भाजपा भरकट्टा ओपी का घेराव करेगी. एसडीपीओ ने 72 घंटे में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही. मौके पर सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, लक्ष्मण दास, राजदेव साव, मुखिया निरंजन वर्मा, सहदेव यादव, सतेंद्र राउत, दिलीप दास आदि थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
