Giridih News: छठ पूजा के दिनों में भी कई मुहल्लाें में नहीं हो पा रही है जलापूर्ति

Giridih News: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन और नगर निगम ने निर्बाध जलापूर्ति दावा किया है. प्रशासन का कहना है कि इस बार छठ के दौरान शहर के किसी भी हिस्से में पानी की किल्लत नहीं होगी. लेकिन, प्रभात खबर की टीम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया, तो दावा और वास्तविक स्थिति में फर्क मिला.

गिरिडीह शहरी क्षेत्र में खंडोली, चैताडीह व महादेव तालाब ट्रीटमेंट प्लांट से जलापूर्ति की जाती है. यह तीनों प्लांट जीवनरेखा माने जाते हैं. ट्रीटमेंट प्लांट से शहर की नौ टंकियों तक पहुंचाया जाता है. इसके बाद निगम के 36 वार्डों में जलापूर्ति होती है. वेटनरी अस्पताल के समीप दो, पचंबा बाजार समिति, झंडा मैदान, मछली मार्केट, बाभनटोली में एक, हुट्टी बाजार में एक-एक टंकी हैं. इन टंकियों से अलग-अलग समय पर पानी छोड़ा जाता है. हालांकि, प्रशासनिक तैयारियों के बावजूद कुछ वार्डों में प्रेसर कम होने की शिकायतें सामने आयी है.

कई मोहल्ला में दो-तीन बजे रात में की जाती है आपूर्ति

पचंबा, करबला रोड, कल्याणडीह और झगरी इलाके के कई निवासियों ने बताया कि उनके यहां सुबह के समय नियमित रूप से पानी नहीं आता. कई बार देर रात में करीब दो से तीन बजे के बीच पानी की सप्लाई की जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के उस समय अधिकांश लोग सोये रहते हैं, जिससे कई घरों के लोग पानी नहीं भर पाता. कुछ इलाकों में तो पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है.

राइजिंग पाइप से होती है पानी की चोरी

सूत्रों के अनुसार शहर के कुछ इलाकों में लोग राइजिंग पाइप से पानी की चोरी कर रहे हैं. जब टंकियों से पानी की सप्लाई होती है, तो कई लोग राइजिंग पाइप में मोटर लगाकर सीधे पानी खींच लेते हैं. इससे प्रेसर कम हो जाता है और कई लोगों को पानी नहीं मिलता है. यह समस्या झंडा मैदान, वेटनरी अस्पताल और बाभनटोली, झगरी, कल्याणडीह और करबला रोड में सबसे अधिक है. स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें नियमित समय पर पानी नहीं मिल पाता. कई बार सुबह के तय शेड्यूल में पानी छोड़ने के बावजूद नलों में एक बूंद पानी नहीं आता. लोगों को देर रात या भोर के समय मोटर चालू होने पर कुछ देर के लिए ही सप्लाई मिलती है.

छठ पूजा के दौरान सुबह-शाम मिलेगा पानी

छठ को लेकर इस बार नगर निगम ने पानी की सप्लाई को लेकर विशेष व्यवस्था किया है. आमतौर पर शहर में हर दिन सिर्फ सुबह के समय ही पानी की सप्लाई की जाती है, लेकिन छठ में शाम में भी लोगों को पानी मिलेगा. निगम ने निर्णय लिया है कि अर्घ्य के दिन शाम को भी जलापूर्ति की जायेगी. शाम के अर्घ्य वाले दिन शाम करीब चार बजे से जलापूर्ति शुरू होगी. छठ व्रतियों और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त दबाव के साथ पानी छोड़ा जाएगा.

प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

पानी की कोई परेशानी न हो, इसके लिए गिरिडीह प्रशासन ने विशेष पहल की है. पानी नहीं मिलने पर लोग हेल्पलाइन नंबर 9470116986 पर संपर्क जारी किया गया है. फोन करने के तुरंत बाद संबंधित व्यक्ति के व्हाट्सऐप पर संदेश प्राप्त होगा. इस संदेश के माध्यम से लोग अपना लोकेशन साझा कर सकते हैं, ताकि विभाग की टीम सीधे समस्या वाले स्थान का पता लगा सके. लोकेशन साझा करने के 24 घंटों में विभाग व्यवस्था दुरुस्त करेगा.

शहर में जलापूर्ति का समय-सारणी

1. करबला रोड-सुबह 6:00 से 7:30 बजे तक2. बरगंडा-सुबह 7:30 से 8:30 बजे तक3. झिंझरी मोहल्ला, बस स्टैंड, नीचे भंडारीडीह-सुबह 8:30 से 9:30 बजे तक

4. बीबीसी रोड, मछली मोहल्ला-सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक5. भंडारीडीह, कार्मल स्कूल के पीछे, आधा अलकापुरी-सुबह 7:00 से 8:30 बजे तक

6. बड़ा चौक, टुंडी रोड, झगरी, धरियाडीह, कुरैशी मोहल्ला-सुबह 5:30 से 6:30 बजे तक7. वार्ड नंबर 24-सुबह 6:30 से 7:30 बजे तक

8. वार्ड नंबर 23-सुबह 7:30 से 8:30 बजे तक9. बिशनपुर-सुबह 7:00 से 7:50 बजे तक

10. बोड़ो-सुबह 7:50 से 8:40 बजे तक11. राजेंद्र नगर, बाभनटोली, आधा टुंडी रोड, बरवाडीह, जयराम नगर, गार्डेना गली- सुबह 7:30 से 8:30 बजे तक

की जा रही है वैकल्पिक व्यवस्था : उप नगर आयुक्त

उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक ने कहा कि शहर के कई क्षेत्र से यह शिकायत मिल रही है कि पाइपलाइन घरों तक पानी ठीक से नहीं पहुंच रहा है. छठ को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने पानी की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है. कहा कि जहां पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, वहां टैंकर भेजा जायेगा. हमारा प्रयास है कि पर्व के समय सभी परिवारों को पानी की सुविधा सुचारू रूप से उपलब्ध हो.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >