हाथियों का उत्पात दूसरे दिन भी जारी, अटका क्षेत्र में दहशत का माहौल

बगोदर के अटका क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने लगातार दूसरे दिन मचाया उत्पात। किसानों की फसलें बर्बाद और मवेशियों की मौत से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।

बगोदर वन क्षेत्र में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. पिछले दो दिनों से हाथियों का झुंड बगोदर पश्चिमी जोन के अटका इलाके में डेरा जमाये हुए है. लगातार दो रातों तक हाथियों ने गांवों में घुसकर जमकर उत्पात मचाया, जिससे किसानों और ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है.

हाथियों ने राशन दुकानों पर बोला धावा

रविवार की रात हाथियों के झुंड ने अटका और आसपास के क्षेत्रों में कहर बरपाते हुए करीब दो दर्जन किसानों एवं ग्रामीणों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था. हाथियों ने कई राशन दुकानों और एक होटल को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद सोमवार की देर रात भी झुंड ने दोबारा इलाके में उत्पात मचाया. इस दौरान एक मवेशी हाथियों की चपेट में आ गया, जिससे धानेश्वर मेहता की गाय की मौत हो गयी.

किसानों की फसलें रौंद डालीं

हाथियों ने गन्ने के खेतों में घुसकर व्यापक तबाही मचायी. करीब दस किसानों की फसलें रौंद डालीं. इससे उन्हें आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है. प्रभावित किसानों में रंजीत मेहता, पवन मेहता, लालू मेहता, दिलीप मेहता, भुवनेश्वर मेहता, छोटी मेहता, मेघलाल मेहता, लक्ष्मण मेहता, नागेश्वर मेहता और जय नारायण मेहता शामिल हैं.

रविवार को भी हुआ था हमला

लक्षीबागी निवासी रमेश मेहता का होटल लगातार दूसरी बार हाथियों के हमले का शिकार हुआ. रविवार की रात हाथियों ने होटल के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दी थीं. सोमवार की रात फिर हाथियों ने होटल को नुकसान पहुंचाया. इससे भयभीत होकर रमेश मेहता ने होटल का सारा सामान निकालकर अपने घर में सुरक्षित रख दिया है. उन्होंने बताया कि लगातार दूसरी बार हुए नुकसान से उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है. होटल के पीछे स्थित उनके गन्ने के खेत को भी हाथियों ने भारी क्षति पहुंचायी है.

झुंड को सुरक्षित स्थान पर खदेड़ने की मांग

घटना की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दे दी है. पंसस टेक नारायण साव ने वन विभाग से विशेषज्ञ टीम बुलाकर हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित स्थान पर खदेड़े जाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाये गये तो किसानों को लगातार नुकसान झेलना पड़ेगा और ग्रामीणों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है. हाथियों के लगातार हमलों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar gourav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >