Giridih News :ईद की रही धूम, गले मिलते रहे, देते रहे मुबारकबाद
जिले भर में शनिवार को हर्ष व उल्लास के साथ ईद उल फितर मनायी गयी. ईद को ले अकीदमंदों मे शनिवार की सुबह मस्जिदों व ईदगाहों में अकीदत व एहतराम के साथ नमाज अदा की और मुल्क में अमन-चैन व तरक्की की दुआ मांगी.
आयोजन. शांतिपूर्ण व भाईचारे के साथ मना पर्व, क्षेत्रों में रहे सुरक्षा के व्यापक इंतजामअल्पसंख्यक बहुल इलाके में सुबह से ही चहल पहल रही. शहर के लाइन मस्जिद, स्टेशन रोड, कुरैशी मोहल्ला, भंडारीडीह, बोड़ो, मोहनपुर, बरवाडीह, पचंबा, बुढ़ियाखाद, परातडीह, कोगड़ी, तेलोडीह समेत अन्य इलाके के मस्जिद व ईदगाहों में ईद की नमाज पढ़ी गयी. इस दौरान लोगों ने मुल्क में अमन चैन व तरक्की की दुआ मांगी और एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी. मस्जिद व ईदगाहों में मेले जैसा माहौल रहा. इस दौरान बच्चों में काफी उत्साह दिखा. ईद की नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे के घर व रिश्तेदार के यहां जाकर सेवई का सेवन कर खुशियां बांटी. शांति व सुरक्षा बनाये रखने के लिए पुलिस की टीम चौक-चौराहों, मस्जिद व ईदगाहों में मौजूद रही.
चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
ईद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहे. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात थे. संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर थी. पुलिस प्रशासन की ओर से चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किये गये थे, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित निर्णय लिया जा सके. इसके अलावा पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें लगातार क्षेत्र का भ्रमण करती रहीं और हालात पर पैनी नजर बनाये रखी. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही. अधिकारियों ने विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रखा गया था.
वरीय अधिकारी रहे सक्रिय
सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्वयं वरीय अधिकारियों ने संभाल रखी थी. इस क्रम में सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह तथा पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित जिले के अन्य थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण किया. अधिकारियों ने शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण और संवेदनशील इलाकों का भी निरीक्षण किया. नमाज के समय ईदगाहों, मस्जिदों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गयी. पेट्रोलिंग टीमें लगातार सक्रिय थीं. एसपी डॉ विमल कुमार एवं डीसी रामनिवास यादव ने खुद ही पूरी व्यवस्था पर नजर रखी हुई थी. दोनों अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते रहे और समय-समय पर संबंधित पदाधिकारियों से फीडबैक लेते रहे.