Giridih News : वार्ता के बाद डीसी और जलसहिया संघ के विवाद का पटाक्षेप

Giridih News : पांच माह के बकाया मानदेय का हो गया ऑनलाइन भुगतान

Giridih News : गिरिडीह. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गिरिडीह समाहरणालय में उत्पन्न विवाद का मंगलवार को सम्मानजनक समाधान हो गया. डीसी रामनिवास यादव के आमंत्रण पर झारखंड राज्य महिला जलसहिया कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल और जिला प्रशासन की उच्च स्तरीय वार्ता के बाद सुलह हो गयी. समाहरणालय प्रकोष्ठ में दोपहर 12 बजे आयोजित इस बैठक में प्रशासन की ओर से डीसी, डीडीसी और दोनों प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता मौजूद थे. संघ की ओर से छह सदस्यीय महिला प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया. वार्ता के दौरान गत दिनों हुई घटना को गलत प्रतिवेदन के कारण उत्पन्न एक दुर्घटना बताते हुए मामले को और तूल न देने पर सहमति बनी.

नौ को ही प्रशासन को मानदेय उपलब्ध करा दिया गया था :

जलसहियाओं की मुख्य मांग बकाया राशि के भुगतान की थी. इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि पूर्व का बकाया सोमवार रात तक सभी जलसहियाओं के खातों में ऑनलाइन भेज दिया गया है. राज्य सरकार द्वारा नौ मार्च को ही पिछले पांच महीनों का मानदेय जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दिया गया है. कार्यपालक अभियंता ने भरोसा दिलाया कि आवंटन प्राप्त होते ही भविष्य में भी समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जायेगा.

सीधे संवाद का रास्ता खुला :

डीसी ने संगठन को आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी शिकायत की स्थिति में वे बिना किसी झिझक के उनसे सीधे मिल सकते हैं. संघ ने भी स्पष्ट किया कि वे किसी भी मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं चाहते. त्वरित कार्रवाई के लिए उन्होंने प्रशासन का आभार जताया. मौके पर संघ की राज्य अध्यक्ष सितारा परवीन, जिलाध्यक्ष दिव्या देवी, सरिता देवी, पूनम पांडेय, सीता देवी और सूरजमुनी किस्कू शामिल थीं. इधर, संघ के मुख्य संरक्षक अशोक कुमार सिंह ने मामले के त्वरित निराकरण पर हर्ष जताया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Manoj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >