Giridih News : अनोखी प्राकृतिक छटा के बीच देवरी के पिकनिक स्पॉट हुए गुलजार

Giridih News : प्रखंड के एक भी पिकनिक स्पॉट को विकसित करने में शासन-प्रशासन ने नहीं ली दिलचस्पी

Giridih News : श्रवण कुमार, देवरी, पिकनिक व मौज-मस्ती के महीने में सैलानियों के लिए गिरिडीह के प्रखंडों में कई स्पॉट चिह्नित हैं. इस लिहाज से देवरी प्रखंड में एक भी स्पॉट विकसित करने की दिशा में शासन की दिलचस्पी नहीं दिखायी. प्रखंड में कई स्थान हैं, जो प्रकृति के आंगन में सैलानियों को पिकनिक के लिए आमंत्रित करते हैं.

रमणीक है जीरानाथ का इलाका

: देवरी प्रखंड के गुनियाथर स्थित जीरानाथ धाम का इलाका बहुत ही रमणीक है. झारखंड बिहार के बॉर्डर का यह इलाका अपनी हरियाली के साथ बॉर्डर पर ऊंचे पहाड़ों के बीच से गुजरनेवाली बढ़नेर नदी की कल-कल बहती धार इस इलाके की सुंदरता में चार चांद लगाती है. नव वर्ष के अवसर पर यहां काफी लोग जुटते हैं. यहां की विशेषता यह है कि यहां आने वाले लोग जीरानाथ धाम में पूजा-पाठ के साथ-साथ पिकनिक का भी आनंद उठाते हैं.

खटौरी का कुंडा झरना :

प्रखंड की खटौरी पंचायत के धोबघाट जंगल में स्थित कुंडा झरना के पास काफी लोग पिकनिक मनाने जुटते हैं. घने जंगलों के बीच चट्टान व चट्टान से पानी गिरने के मनोरम दृश्य के बीच लोग यहां पिकनिक का आनंद उठाते हैं. हालांकि यहां पहुंचने का रास्ता नहीं रहने से लोगों को पैदल जाना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ रास्ता बन जाने से यह स्थान पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित हो सकता है.

सुरंगाधिरि की आकृतियां हैं विख्यात :

हरियाडीह पंचायत के दुलाभिठा गांव के किनारे स्थित सुरंगाधिरि पत्थरों से बनी आकृतियों के लिए विख्यात है. यहां पर नववर्ष के पूर्व से पिकनिक का आयोजन शुरू हो जाता है. मसीही परिवार पूरे उत्साह के साथ यहां पर पिकनिक का आयोजन करते हैं.

चंदली पहाड़ में हैं कई गुफाएं :

भेलवाघाटी व तिलकडीह पंचायत के मध्य गरंग गांव में अवस्थित चंदली पहाड़ पर भी पिकनिक मनाने लोग जुटते हैं. हरी-भरी वादियों की मनमोहक छटा के साथ-साथ गुफा को देखने भी लोग यहां पहुंचते हैं. स्थानीय लोग बताते हैं कि चंदली पहाड़ में कई गुफाएं हैं. चंदली पहाड़ व इसके आसपास के इलाके को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा सकता है.

गिधासीमर की प्राकृतिक छटा है अनोखी :

हरला पंचायत का गिधासीमर नदी भी पिकनिक के लिए प्रसिद्ध है. यहां पर अवस्थित पहाड़ के किनारे से गुजरनेवाली इस नदी तट के साथ लोग पहाड़ पर भी पिकनिक का लुत्फ उठाते हैं. इधर, देवरी के घोरंजी पहाड़, सुखलजोरिया, हुरहरोजोर, करमा नदी सहित कई रमणीक स्थल हैं. यहां पर लोग नव वर्ष का आनंद उठाते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >