चंदन मोदी हमले में कार्रवाई की मांग, द्वारिका यादव की गिरफ्तारी पर जोर

कपिलो में चंदन बजरंगी उर्फ चंदन मोदी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है. समाज के लोगों ने थाने में पहुंचकर कार्रवाई की जानकारी ली और फरार आरोपी द्वारिका यादव की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की.

कपिलो निवासी चंदन बजरंगी उर्फ चंदन मोदी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गयी है. शुक्रवार को भारतवर्षीय बरनवाल वैश्य महासभा के जिला उपाध्यक्ष रणबीर मोदी, युवा कमेटी के जिला अध्यक्ष सूरज कुमार मोदी और मोदी समाज सेवा समिति बिरनी के सचिव सुरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दर्जनों लोग बिरनी थाना पहुंचे. प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज और मामले के जांच अधिकारी लालचंद महतो से मुलाकात कर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली.

फरार आरोपी द्वारिका यादव की गिरफ्तारी की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से मामले में फरार चल रहे आरोपी द्वारिका यादव को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की. साथ ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके आरोपी किशुन यादव को पुलिस रिमांड पर लेकर घटना के संबंध में पूछताछ करने का आग्रह किया.

थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि द्वारिका यादव की गिरफ्तारी के लिए एक-दो दिनों में न्यायालय से वारंट प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. इसके बाद बड़े पैमाने पर छापामारी कर आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि किशुन यादव को भी न्यायालय से 24 या 48 घंटे के रिमांड पर लेने का प्रयास किया जायेगा.

दोषियों पर होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी

थाना प्रभारी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. घटना में जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा और सभी को कानून का पालन करना होगा.

थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद समाज के लोगों ने उन पर विश्वास जताया और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आग्रह किया.

सांसद और विधायक के प्रति जताया आभार

युवा कमेटी के जिला अध्यक्ष सूरज कुमार मोदी ने कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और बगोदर विधायक नागेंद्र महतो के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधियों ने एसपी से दूरभाष पर बात कर मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया था.

उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से किशुन यादव पर दबाव बनाये जाने के बाद उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है. इसके लिए समाज के लोगों ने थाना प्रभारी के प्रति भी आभार जताया.

14 अगस्त की रात हुई थी घटना

सूरज मोदी के अनुसार, घटना 14 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे हुई थी. चंदन मोदी अपने दोस्त महेश यादव के सीएससी सेंटर में राशन कार्ड का काम कराने के बाद उसके साथ बाइक से घर लौट रहे थे. रास्ते में कपिलो कालापत्थर के पास उपेंद्र मोदी की दुकान से सामान खरीदने के बाद दोनों घर की ओर जा रहे थे.

आरोप है कि इसी दौरान कपिलो के सरखी टोला निवासी किशुन यादव ने चंदन मोदी की बाइक की चाबी छीन ली और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद उसने द्वारिका यादव को मौके पर बुलाया. आरोप के अनुसार, द्वारिका यादव बाइक से वहां पहुंचा और अपनी बाइक से लाठी निकालकर चंदन मोदी के माथे पर हमला कर दिया.

धनबाद के निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

हमले में चंदन मोदी के माथे पर गंभीर चोट लगी. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनका इलाज धनबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. परिजनों और समाज के लोगों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

घटना को लेकर समाज के लोगों में आक्रोश है. प्रतिनिधिमंडल में महेश मोदी, मुकेश मोदी, राहुल मोदी, उपेंद्र मोदी, विजय मोदी, विजेंद्र मोदी समेत कई लोग शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranbir barnwal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >