Giridih News : जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय जलशक्ति मंत्री से मिला

Giridih News : भलपहाड़ी बहुउद्देशीय बांध परियोजना को लेकर हुई चर्चा

Giridih News : गिरिडीह. केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं एवं जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड राज्य की बहुप्रतीक्षित एवं अत्यंत महत्वपूर्ण भलपहाड़ी बहुउद्देशीय बांध परियोजना को लेकर नयी दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की. इस अवसर पर भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष सह जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश कुमार जालान के साथ गिरिडीह जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि गुणवंत सिंह, प्रदीप अग्रवाल, विकास खेतान, भाजयुमो के प्रदेश मंत्री संजीव कुमार भी उपस्थित रहे. प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से परियोजना से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की. इस संबंध में श्री जालान ने बताया कि बैठक में भलपहाड़ी बांध परियोजना के सभी प्रमुख पहलुओं मसलन पेयजल आपूर्ति, कृषि सिंचाई, औद्योगिक जल उपलब्धता, जल विद्युत उत्पादन तथा क्षेत्रीय सामाजिक-आर्थिक विकास पर विमर्श हुआ. बैठक के दौरान यह अवगत कराया गया कि यह परियोजना वर्ष 2008–09 की लागत एवं बजट अनुमान पर आधारित है, जो वर्तमान समय की आवश्यकताओं एवं महंगाई के अनुरूप नहीं है. इस पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने विषय को गंभीरता से सुना और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए निर्देश दिया कि परियोजना का वर्ष 2025 के अनुसार पुनरीक्षित बजट एवं लागत अनुमान तैयार कर राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा जाये, ताकि आगे की प्रक्रिया को गति मिल सके. श्री जालान ने कहा कि यह बहुउद्देशीय परियोजना गिरिडीह, धनबाद एवं जामताड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में स्थायी पेयजल समाधान, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय उद्योगों को जल उपलब्धता, ऊर्जा उत्पादन तथा रोजगार सृजन के नये अवसर उपलब्ध कराने में निर्णायक भूमिका निभायेगी और झारखंड के समग्र विकास के लिए एक मजबूत आधार बनेगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं वे स्वयं राज्य सरकार से शीघ्र संपर्क कर परियोजना से संबंधित पुनरीक्षित प्रस्ताव एवं बजट अनुमान जल्द से जल्द तैयार कर राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को प्रेषित कराने का प्रयास करेंगे, ताकि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >