Giridih News : प्रतिनिधि, देवरी/चकाई. झारखंड-बिहार की मध्य सीमा पर स्थित चकाई थाना क्षेत्र के चिलखारी गांव के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जमुआ-चकाई मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में लोहे की पाइप लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ट्रेलर के पास खाना बना रहे चालक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल होकर वाहन के नीचे दब गया. मृतक की पहचान कोडरमा जिले के गोरखर गांव निवासी 50 वर्षीय रियासत हुसैन के रूप में हुई है. उसका पुत्र रियाज गंभीर रूप से घायल है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े ट्रेलर का चालक रियासत हुसैन वाहन के पास चूल्हा जलाकर खाना बना रहा था. इसी दौरान जमुआ की ओर से लोहे की पाइप लेकर आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रियासत हुसैन उसकी चपेट में आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे में रियाज ट्रेलर के नीचे दब गया. सूचना मिलने पर चकाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से रियाज को बाहर निकाला गया. गंभीर रूप से घायल रियाज को पहले चकाई रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घायल रियाज ने बताया कि वे लोग बांका में सामान अनलोड कर कोडरमा लौट रहे थे. चिलखारी के पास सड़क किनारे ट्रेलर खड़ा कर खाना बना रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. टक्कर मारने वाले ट्रेलर के चालक और खलासी घायल अवस्था में ही मौके से फरार हो गये.
Giridih News : खड़े ट्रेलर में अनियंत्रित ट्रेलर ने मारी टक्कर, चालक की मौत, पुत्र गंभीर
Giridih News : बिहार के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलखारी गांव की घटना
