Giridih News: नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा लोक आस्था का महापर्व छठ

Giridih News: नहाय-खाय छठ पूजा का पहला दिन है, जिसमें व्रती स्नान ध्यान कर शुद्धता के साथ सात्विक भोजन जैसे अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू व कोहड़ा की सब्जी बनाकर ग्रहण करती है.

लोक आस्था का महापर्व छठ शनिवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है. चार दिनों का यह अनुष्ठान प्रकृति, स्वच्छता और सूर्य देव की उपासना का प्रतीक है. नहाय-खाय छठ पूजा का पहला दिन है, जिसमें व्रती स्नान ध्यान कर शुद्धता के साथ सात्विक भोजन जैसे अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू व कोहड़ा की सब्जी बनाकर ग्रहण करती है. इस दिन घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे शुद्धता और पवित्रता बनी रहे. इसको लेकर छठ व्रतियों एवं उनके परिवार के सदस्यों द्वारा तैयारी की जा रही है. पूजन सामाग्रियों की खरीदारी एवं घरों की सफाई कार्य जोरों पर है.

26 को है खरना

25 अक्टूबर को नहाय-खाय है. इसके बाद 26 अक्टूबर को खरना है. 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा वहीं 28 अक्टूबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ यह महापर्व संपन्न होगा. गिरिडीह शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक का माहौल भक्तिमय हो गया है. जिले के लोग महापर्व छठ को लेकर भक्ति और उत्साह में डूब गये हैं. हरेक मोहल्लों के लोग छठ की तैयारी में जुट गये हैं. इस कारण जिले में एक अदभूत और मनमोहक छठमय माहौल बन गया है. छठ व्रतियों की सुविधा के लिए नगर निगम युद्धस्तर पर छठ घाटों को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है. साथ ही साथ विभिन्न पूजा समितियों द्वारा भी व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है. गिरिडीह के बाजारों में छठ पर्व को लेकर जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिल रही है. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हर जगह सूप, दउरा और अन्य पूजन सामाग्री की दुकानें सज चुकी है. वहीं दूसरी ओर फलों की आवक भी जारी है. यह महापर्व ना केवल धार्मिक महत्व बल्कि स्वच्छता, प्रकृति प्रेम और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है.

सब्जियों की कीमत में आयी है उछाल

छठ महापर्व को लेकर सब्जियों की कीमत में उछाल आयी है. जानकारी के मुताबिक आलू (नया) 50 रूपया किलो, कद्दू 40 से 50 रूपया किलो, कोहड़ा 60 रूपया किलो, धनिया पत्ता 300 रूपया एवं मुली 40 रूपया किलो बिक रहा है. अधिकत्तर लोग नहाय-खाय के दिन प्रात: में ताजी सब्जियों की खरीदारी करते हैं. ऐसे में शनिवार को गिरिडीह के बाजार में चहलपहल रहेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >