श्रावणी मेले के दौरान दुम्मा में कांवरियों, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए संचालित सीसीएल के निःशुल्क चिकित्सा शिविर का शुक्रवार देर रात समापन हो गया. करीब एक माह तक चले इस शिविर में कुल 1,08,565 लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी गयी. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना शिविर की प्रमुख उपलब्धि रही.
चिकित्सा कर्मियों को दिया गया अनुभव प्रमाण-पत्र
समापन समारोह में गिरिडीह कोलियरी के जीएम कन्हैया शंकर गैवाल, परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. शिविर में सेवा देने वाले चिकित्सा कर्मियों को अनुभव प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं, पूरे मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे सेवादारों को भी सम्मानित किया गया.
रक्षाबंधन पर दिखा सेवा और स्नेह का रिश्ता
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित समारोह में सेवा और आत्मीयता का भावपूर्ण माहौल देखने को मिला. सेवादार बहनों ने जीएम, पीओ, सीएमओ डॉ परिमल सिन्हा, स्टाफ ऑफिसर अनिल पासवान, राजवर्धन और मैनेजर एचआर मो सादिक समेत अन्य अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी.
राखी बांधने के इस आयोजन ने शिविर में सेवा के साथ भाई-बहन के स्नेह का भाव भी जोड़ा. अधिकारियों और सेवादारों के बीच आत्मीयता का माहौल देखने को मिला.
जिन पर फूल बरसाये, समापन पर उन्हीं पर हुई पुष्पवर्षा
जीएम केएस गैवाल ने कहा कि एक माह में 1.08 लाख से अधिक लोगों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाना सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्सा कर्मियों और सेवादारों के प्रति आभार जताया.
समापन समारोह का सबसे भावुक दृश्य सेवादारों पर हुई पुष्पवर्षा रही. शिविर के उद्घाटन के दौरान जिन सेवादारों ने अतिथियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया था, समापन के अवसर पर अधिकारियों ने उन्हीं सेवादारों पर फूल बरसाकर उनके योगदान के प्रति सम्मान और आभार जताया.
सामूहिक प्रयास से पहुंची सेवा : जीएम
मौके पर राजवर्धन, संतोष यादव, ओम प्रकाश सिंह, संजय मल्होत्रा और राहुल सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
