Giridih News :तीन को भाजपा का मशाल जुलूस व चार को झारखंड बंद

Giridih News :भाजपा गिरिडीह महानगर के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि विष्णुगढ़ घटना के खिलाफ गिरिडीह जिले में तीन अप्रैल को मशाल जुलूस निकाला जायेगा और चार अप्रैल को झारखंड बंद को लेकर गिरिडीह में भी बंद को सफल किया जायेगा. इसे लेकर व्यापक तैयारी चल रही है.

इसकी जानकारी देते हुए श्री राय ने कहा कि विष्णुगढ़ में बच्ची के साथ घटित घटना काफी जघन्य है. कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी में पुलिस अब तक विफल रही है. उन्होंने बताया कि पिछले दिनों भाजपा ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर डीसी कार्यालय के समक्ष धरना देते हुए राज्यपाल के नाम डीसी को एक ज्ञापन सौंपा था. श्री राय ने कहा कि आये दिन झारखंड में हत्या, दुष्कर्म, लूट, डकैती जैसी घटनाएं घटित हो रही हैं. इससे भय का माहौल बन गया है. हाल के दिनों में गिरिडीह में भी कई आपराधिक घटनाएं हुई हैं. श्री राय ने कहा कि राज्य की बिगड़ती विधि-व्यवस्था के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है.

किशोरी की हत्या के विरोध में घटवार महासभा ने निकाला मशाल जुलूस

हत्या के विरोध में बुधवार को घटवाल/घटवार महासभा ने मशाल जुलूस निकाला. इस दौरान लोगों ने हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की. जुलूस पलौंजिया बाजारटांड़ से निकल सिमराढाब होते हुए जमा दो उच्च विद्यालय पलौंजिया पहुंचा. लौटकर बिरनी प्रखंड मुख्यालय मुख्य गेट पर नुक्कड़ सभा हुई. जुलूस की अगुआई महासभा के अध्यक्ष भीखन राय, लक्ष्मण प्रसाद सिंह, रामधनी सिंह, टेकनारायण सिंह ने किया. लोगों ने फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित कर दोषी को फांसी की सजा देने की मांग की. मांग की अनदेखी करने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी गयी. मौके पर विजय राय, बिनोद राय, भोला सिंह, हर्षनारायण सिंह, दशरथ राय घटवार, दशरथ राय, लंबोदर प्रसाद राय, बिनय राय, संजय राय, सबिता देवी, फुलेंद्र राय, रिंकू देवी, बालेश्वर राय, सुखदेव राय, तालेवर सिंह, कमलकांत सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में महिला- पुरुष शामिल थे.

डुमरी में घटवार आदिवासी समाज ने कैंडल मार्च निकाला

डुमरी में घटवार आदिवासी समाज डुमरी ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की. यह मार्च इसरी बाजार से शुरू होकर बस स्टैंड होते हुए डुमरी तक गया. मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से अपील की कि हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो. मार्च में समाज के काफी संख्या में लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pradeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >