धनवार के नावाडीह तालाब के पास अपराधियों ने दिया घटना को अंजामधनवार के नावाडीह तालाब के पास शनिवार की रात अज्ञात अपराधियों ने एक राहगीर से हथियार के बल पर मोटरसाइकिल, मोबाइल व पैसा छीने लिया. हीरोडीह थाना क्षेत्र के दुर्गेशरण निवासी मनोज कुमार ने धनवार थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. कहा है कि वह धनवार बाजार में मनोज बटन नाम का दुकान चलाता है. प्रत्येक दिन की तरह वह शनिवार रात नौ बजे अपनी बाइक से अपना घर दुर्गेशरण जा रहा था. इसी क्रम में नावाडीह दुर्गा मंडप के बगल तालाब के मेढ़ के नीचे खेत के पास तीन लोग घात लगाये बैठे हुए थे. उनमें से एक ने उसके बाइक के सीट पर डंडा मार दिया. इससे डर उसने बाइक रोक दी. बाइक रुकते ही बदमाशों ने उसकी बाइक की चाबी छीन ली और उसे जमीन पर पटक दिया. वह किसी तरह खड़ा हुआ तो उसमें से दो लोग दोनों तरफ से रिवॉल्वर तान दिया तथा उससे मोबाइल छीन लिया. नकद एक हजार रुपया भी छीनकर उसकी बाइक से तीनों वहां से तालाब की मेढ़ होते हुए नावाडीह मंदिर को ओर भाग गये. वह किसी तरह वहां से पैदल अपना घर पहुंचा. जिप सदस्य विजय पांडेय ने कहा कि पूरे जिले में इन दिनों चोरी डकैती की घटना बढ़ गयी है. पिछले दिनों हीरोडीह के कोदंबरी, धनवार थाना क्षेत्र के राजमंदिर व बिरनी थाना क्षेत्र के बिराजपुर के पास चोरी व डकैती हुई। बढ़ती आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र की जनता भयभीत है. उन्होंने ऐसी घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से इसपर लगाम लगाने की मांग की है.
क्या कहते हैं एसडीपीओ :
खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि घटना का उद्भेदन कर लिया गया है. सोमवार को प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी जायेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
