बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत मधवाडीह पंचायत में मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्य के एवज में सामग्री मद की राशि का भुगतान महीनों से लंबित है. भुगतान नहीं होने से लाभुक पर कर्ज हैं.
इसको लेकर पंचायत के मुखिया सदीक अंसारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन दिया है. आवेदन पत्र में मुखिया ने लिखा है कि मधवाडीह पंचायत में कई लाभुकों ने अपना कार्य पूर्ण कर लिया है, इसके बावजूद उनकी सामग्री मद की राशि का भुगतान नहीं हुआ है.
लाभुक लगातार पंचायत प्रतिनिधियों पर भुगतान के लिए दबाव बना रहे हैं. बार-बार आग्रह के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है. मुखिया सदीक अंसारी ने बीडीओ से मांग की है कि लंबित राशि का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब लाभुकों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके.
