Giridih News :गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली रानी के नखरे शुरू, कटौती से गिरिडीहवासी बेहाल
Giridih News :गर्मी ने अभी पूरी तरह पकड़ गयी है. इसके साथ ही बिजली रानी के नखरे शुरू हो गये हैं. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली की आंख-मिचौनी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. उमस भरी गर्मी में बिजली की अनियमित आपूर्ति ने आमजन का जीना दूभर कर दिया है.
सुबह हो या शाम, दिन हो या रात बिजली कब चली जायेगी, इसका कोई ठिकाना नहीं है. रविवार की रात शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही. भीषण गर्मी और उमस के बीच लोग पसीने से तरबतर होकर रात गुजारने को मजबूर रहे. पंखे, कूलर और एसी ठप पड़ते ही घरों में बेचैनी का माहौल बन गया. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी. गर्मी की शुरुआत के साथ यह हाल किसी एक दिन का नहीं, बल्कि अब यह रोजमर्रा की समस्या बनती जा रही है. लगभग हर दिन घंटों बिजली गुल रहती है.
कई मोहल्लों में लो वोल्टेज की समस्या
कई मोहल्लों में लो-वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है, जिससे उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं. ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी गंभीर बतायी जा रही है. वहां फॉल्ट और देर से बहाली के कारण लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. मोबाइल चार्ज करना, पानी का मोटर चलाना और रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं. गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत भी बिजली कटौती के कारण बढ़ती जा रही है.
गर्मी के कारण बढ़ा लोड, वोल्टेज की नहीं होगी परेशानी : जेई
कनीय विद्युत अभियंता अमित कुमार ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोड काफी बढ़ गया है. इसी कारण कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है. उन्होंने कहा कि वोल्टेज को लेकर जो समस्याएं सामने आ रही थीं, उन्हें दुरुस्त कर लिया गया है और अब वोल्टेज की कोई परेशानी नहीं रहेगी. बताया कि हाल के दिनों में ट्रांसफॉर्मरों में आग लगने की घटनाओं का मुख्य कारण अत्यधिक गर्मी है. कई स्थानों पर केबल वायर ट्रांसफॉर्मर के ऊपर या नीचे से होकर गुजरी है, जो तेज गर्मी में अत्यधिक गर्म हो जाती है और इसी वजह से आग लगने की आशंका बढ़ जाती है. बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाये रखने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है. तकनीकी खामियों को चिह्नित कर उन्हें जल्द दूर किया जा रहा है और समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके.
घोड़थंभा में बिजली की अनियमित आपूर्ति ने बढ़ाई ग्रामीणों की मुश्किलें
खोरीमहुआ. बिजली की अनियमित आपूर्ति ने घोड़थंभा क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. क्षेत्र में लगातार कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. खासकर विद्यार्थी, छोटे व्यवसायी और रोजमर्रा के कामकाजी लोग इस समस्या से काफी परेशान हैं. रवींद्र कुमार, संजीव कुमार, रंजीत दास, सिकंदर वर्मा, अनिल विश्वकर्मा समेत अन्य ने कहा कि बिजली कटने की कोई निश्चित समय-सारिणी नहीं है. कभी घंटों तक बिजली गायब रहती है, तो कभी इतनी कम वोल्टेज मिलती है कि पंखे और अन्य उपकरण ठीक से चल ही नहीं पाते. छात्रों की पढ़ाई पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है. बोर्ड परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने बताया कि रात के समय बिजली नहीं रहने से पढ़ाई बाधित हो रही है. वहीं, ऑनलाइन और डिजिटल माध्यम से जुड़े छात्रों को इंटरनेट और बिजली की कमी के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बिजली के अभाव में फोटोकॉपी, साइबर कैफे, आटा चक्की जैसे छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं. इससे उनकी आय पर सीधा असर पड़ रहा है. इस संबंध में लोकेश कुमार, परमानंद यादव, सुनीता विश्वकर्मा, मदन विश्वकर्मा, पवन माली आदि स्थानीय उपभोक्ताओं ने प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब ठोस कदम उठाने की मांग की है.
गावां में चार-पांच घंटे मिल रही है बिजली
गावां. क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया है. स्थिति यह है कि लोगों को 24 घंटे में मात्र चार से पांच घंटे ही बिजली मिल रही है. प्रखंड के आधे भाग में गावां पावर सब स्टेशन व आधे भाग में गदर सबस्टेशन से बिजली मिलती है. जैसे ही गर्मी का मौसम शुरू हुई है, क्षेत्र में भारी बिजली संकट भी शुरू हो गयी. बिजली के नहीं रहने के कारण पेयजलापूर्ति भी बाधित है. इससे लोगों को का परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
नहीं चालू हो पाया पावर ग्रिड
गावां के गदर में लगभग तीन वर्ष पूर्व पावर ग्रिड बनकर तैयार है, लेकिन वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण चालू नहीं हो पाया है. उक्त ग्रिड को चालू करवाने को ले विभिन्न राजनैतिक दलों के द्वारा आंदोलन किया गया, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही मिला. बिजली विभाग के कर्मियों का कहना है कि सप्लाई में कमी के कारण आपूर्ति में परेशानी आ रही है. पूर्व जिप सदस्य इमरान अंसारी ने कहा कि इस भीषण गर्मी में बिजली का संकट चिंता का विषय है. मामले को ले संबंधित विभाग से शिकायत की जायेगी.