पीएमश्री उच्च विद्यालय चपुआडीह में रविवार को मोबाइल गुरु ऐप के माध्यम से पढ़ाई कराने की कार्यशाला का शुभारंभ डीसी रामनिवास यादव ने किया. पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिले का यह पहला विद्यालय है, जहां ऐप के माध्यम से कक्षा तीन से पांच तक के बच्चों को गणित की पढ़ाई करायी जाएगी. इसका उद्देश्य गणित में कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें सरल तरीके से विषय समझाना और उनकी सीखने की क्षमता में सुधार करना है.
कमजोर बच्चों की पहचान कर बनेंगे छोटे बैच
डीसी ने बताया कि कक्षा अवधि समाप्त होने के बाद चयनित विद्यार्थियों को लगातार एक सप्ताह तक प्रतिदिन एक घंटे की विशेष कक्षा दी जाएगी. गणित में कमजोर बच्चों की पहचान कर तीन-तीन विद्यार्थियों का बैच बनाया जाएगा. प्रत्येक सप्ताह विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन किया जाएगा और जरूरत के अनुसार नये बच्चों को बैच में शामिल किया जाएगा.
ऐप से बच्चों की प्रगति पर रखी जाएगी नजर
मोबाइल गुरु ऐप में बच्चों के स्तर और उनकी साप्ताहिक प्रगति के आकलन की व्यवस्था है. इससे शिक्षक और अभिभावक दोनों बच्चों की पढ़ाई से जुड़ सकेंगे. डीसी ने कहा कि ऐप के माध्यम से बच्चों की गणित में रुचि बढ़ाने के साथ उनकी बुनियादी समझ मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने अभिभावकों की भूमिका पर भी जोर देते हुए कहा कि बच्चों के नियमित विद्यालय आने और घर पर पढ़ाई करने को लेकर अभिभावकों को जागरूक होना होगा. केवल मध्याह्न भोजन के संचालन पर ध्यान देने से बच्चों का समुचित विकास संभव नहीं है.
प्रशिक्षित शिक्षकों की भी तय होगी जिम्मेदारी
कार्यशाला में डीसी ने कहा कि प्रशिक्षित शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों की उम्र और कक्षा के स्तर के अनुसार गणित को सरल तरीके से समझाएं. ऐप के स्टेट हेड रोहन कुमार और समन्वयक सुभाष कुमार ने परियोजना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कक्षा तीन से पांच के बच्चों के लिए गणित पर केंद्रित यह ऐप तैयार किया गया है और विदेशों में भी इसका पायलट प्रोजेक्ट चल रहा है.
मौके पर डीईईओ विनय कुमार, डीएसई आशीष कुमार हेंब्रम, बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू, सीओ सफी आलम, बीईईओ सपन कुमार मंडल, एचएम डॉ. जफिरूल हक समेत शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोग मौजूद थे.
