कल्पना सोरेन के गढ़ में गरजे अमित शाह- गांडेय में मुनिया देवी को जिता दो, झारखंड में सरकार बदल जाएगी

Amit Shah in Kalpana Soren Constituency: अमित शाह ने गांडेय की जनता से अपील की कि आप मुनिया देवी को जिता दो, झारखंड में सरकार बदल जाएगी. जानें इसके मायने.

Amit Shah in Kalpana Soren Constituency: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के गढ़ में गुरुवार को अमित शाह खूब गरजे. उन्होंने सरकार बदलने का एक मंत्र गांडेय की जनता को दिया. कहा, ‘झारखंड में सरकार बदलने के लिए मेहनत करने की जरूरत नहीं है. गांडेय में किला ठोंक दो. मुनिया दीदी (मुनिया देवी) को जिता दो, झारखंड में सरकार अपने आप बदल जाएगी.’

भ्रष्टाचारियों को हथकड़ी लगाकर जेल भेजेंगे – अमित शाह

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी अमित शाह खूब बोले. कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सरकार में शामिल कांग्रेस पार्टी के नेताओं के यहां से नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं. इतने नोट झारखंड के आम लोगों ने कभी देखे भी नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बना दो, हम भ्रष्टाचारियों को एसआईटी बनाकर, उनकी जांच कराएंगे. दोषी लोगों को हथकड़ी लगाकर सबको जेल भेजेंगे.

झारखंड का विरोध करने वालों के साथ सरकार चला रहे हेमंत : शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के लिए लंबे समय तक झारखंड के लोगों ने संघर्ष किया. झारखंड राज्य तब बना, जब केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार बनी. उस समय झारखंड राज्य बनाने का जिन लोगों ने विरोध किया था, आज हेमंत सोरेन उनके साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं.

झारखंड के युवाओं को कमाने के लिए नहीं जाना होगा बाहर : अमित

अमित शाह ने आश्वासन दिया कि झारखंड के युवाओं को रोजगार के लिए दिल्ली, मुंबई, हरियाणा, बेंगलुरु, गुजरात और राजस्थान समेत देश के अन्य राज्यों में जाना पड़ता है. कहा, ‘आप भाजपा की सरकार बनाओ, 5 साल में वह सरकार राज्य में इतने कल-कारखाने लगाएगी कि युवाओं को नौकरी करने के लिए बाहर नहीं जाना होगा. वे अपनी युवा पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता के साथ अपने घर में रह सकेंगे.’

घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह ने झारखंड सरकार को घेरा

उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा. कहा कि झारखंड के युवाओं की नौकरी घुसपैठिए खा गए. अमित शाह ने गांडेय की विधायक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नेता कल्पना सोरेन से पूछा- कल्पना जी, आपके पति की नाक के नीचे आदिवासियों की आबादी घट रही है, घुसपैठिए बढ़ रहे हैं. फिर भी आपलोगों को आदिवासियों की नहीं, घुसपैठियों की चिंता है. अपने वोट बैंक की चिंता है.

भाजपा सरकार चुन-चुनकर घुसपैठियों को बाहर निकालेगी – गृह मंत्री

अमित शाह ने झारखंड की जनता से वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद चुन-चुनकर घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकाला जाएगा. उन्होंने कहा कि घुसपैठिए समझते हैं कि उन्होंने भूमि हड़प लिए. अब उनका कुछ नहीं होगा. अमित शाह ने कहा कि ये लोग मुगालते में हैं. भाजपा की सरकार ऐसा कानून बनाएगी कि न तो घुसपैठिये दूसरी, तीसरी शादी कर पाएंगे, न आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कर पाएंगे. उन्होंने कहा कि घुसपैठियों ने जिन जमीनों पर कब्जा कर लिया है, भाजपा की सरकार आदिवासी बहन-बेटियों को उस जमीन पर फिर से कब्जा दिलवाएगी.

‘राहुल गांधी की चौथी पीढ़ी भी वापस नहीं ला पाएगी अनुच्छेद 370’

अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि अनुच्छेद 370 वापस लाएंगे, लेकन मैं कहता हूं, ‘राहुल बाबा तो क्या, उनकी चौथी पीढ़ी भी जम्मू-कश्मीर में फिर से अनुच्छेद 370 लागू नहीं कर पाएगी.’ अमित शाह ने कहा कि इनके (कांग्रेस के) राज में 10 साल तक आतंकवादी देश में आकर बम धमाके करते थे. ये लोग कुछ नहीं करते थे. आपने मोदीजी को प्रधानमंत्री बनाया. मोदी जी ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया.

‘70 साल से राम मंदिर को अटका, भटका, लटका रही थी कांग्रेस’

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 70 साल से राम मंदिर को लटका, अटका और भटका रही थी. मोदी सरकार ने 5 साल में केस भी जीता, भूमि पूजन भी किया, मंदिर का निर्माण करवाया और प्राण प्रतिष्ठा करके जय श्रीराम का जयघोष भी किया. राहुल बाबा आज तक राम मंदिर के दर्शन करने नहीं गए. अमित शाह ने कहा कि 550 साल के बाद पहली बार रामलला ने अपनी दीपावली टेंट की बजाय मंदिर में मनायी.

मोदी जी ने देवघर को नया हवाई अड्डा दिया – अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने देवघर का नया हवाई अड्डा बनवाया. देश भर से लोग यहां आते हैं. उन्होंने कहा कि हेमंत बाबू घूम-घूमकर प्रचार कर रहे हैं कि सहारा के पैसों का क्या हुआ? अमित शाह ने कहा- मैं हेमंत बाबू और राहुल गांधी से पूछता हूं कि जब सहारा का पैसा डूबा, उस समय सरकार किसकी थी? केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी. यूपी में अखिलेश यादव की सरकार थी. आज कांग्रेस और अखिलेश के साथ हेमंत बाबू बैठे हैं. इस मुद्दे पर अमित शाह ने कहा, ‘हेमंत सोरेन को जो करना है, करें. आज मैं कहता हूं कि सहारा में जिन लोगों का पैसा डूबा है- उनका एक-एक पैसा हम वापस कराएंगे.’

‘भाजपा सरकार युवाओं को देगी 2000 रुपए बेरोजगारी भत्ता’

अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की गारंटी पत्थर पर लकीर होती है. झारखंड की दीदियों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेंगे. दीपावली और रक्षा बंधन पर मोदी जी की ओर से 2 गैस सिलेंडर फ्री में मिलेंगे. अमित शाह ने युवाओं से पूछा कि हेमंत सोरेन ने जो बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, मिला क्या? उन्होंने कहा कि आप झारखंड में भाजपा की सरकार बनाओ, आपके खाते में हर महीने 2,000 रुपए बेरोजगारी भत्ता आने लगेंगे. अमित शाह ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी लोगों को बताया, जिससे आम लोगों के जीवन में बदलाव आया.

Also Read

जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी झारखंड को अपना एटीएम बनाना चाहते हैं, गिरिडीह में बोले अमित शाह

अमित शाह ने देवघर में प्रभारियों के साथ बनाई संताल जीतने की रणनीति

झारखंड चुनाव में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने मारी एंट्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >