Giridih News :अंडर-19 क्रिकेट टीम चयन में गड़बड़ी का आरोप, विरोध के बीच बोकारो गये खिलाड़ी

Giridih News :अंडर-19 क्रिकेट टीम के चयन को लेकर रविवार को गिरिडीह में विवाद गहरा गया. चयन प्रक्रिया से असंतुष्ट कुछ खिलाड़ियों और उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चयनित खिलाड़ियों को बोकारो रवाना होने से रोकने का प्रयास किया. इसके कारण कुछ देर के लिए तनाव उत्पन्न हो गया.

जानकारी के अनुसार गिरिडीह क्रिकेट संघ ने 27 खिलाड़ियों का डेटा झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन को भेजा था. इनमें से 15 खिलाड़ियों का चयन अंडर-19 टीम के लिए किया गया, जबकि शेष खिलाड़ियों को चयन से बाहर रखा गया. चयन सूची जारी होते ही वंचित खिलाड़ियों ने प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज कराया. विरोध कर रहे खिलाड़ी अभिमन्यु सिंह, पंचानंद सिंह और अरविंद कुमार ने आरोप लगाया कि चयन में पारदर्शी नहीं बरती गयी है. चयनित अधिकांश खिलाड़ी किसी न किसी क्रिकेट अकादमी से जुड़े हुए हैं. उन्होंने दावा किया कि जिले के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया गया, जिससे उनमें आक्रोश है. खिलाड़ियों और उनके समर्थकों ने चयनित खिलाड़ियों की बस को रोककर विरोध प्रदर्शन किया. हालांकि, मौके पर मौजूद गिरिडीह क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ. विरोध के बावजूद चयनित खिलाड़ी अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बोकारो रवाना हो गये.

दस्तावेज में त्रुटी के कारण 12 खिलाड़ी चयन से बाहर हुए : सचिव

गिरिडीह जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष तिवारी ने बताया कि रविवार को जब चयनित टीम बोकारो रवाना होने के लिए बस स्टैंड पहुंची थी, उसी दौरान कुछ खिलाड़ियों ने हंगामा किया. संतोष ने बताया कि 27 खिलाड़ियों के दस्तावेज जांच कर 22 दिसंबर को झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) कार्यालय रांची भेजा गया था. जेएससीए कार्यालय में दस्तावेजों की जांच के बाद सूची वापस आयी, जिसमें 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जबकि 12 खिलाड़ियों को दस्तावेजी त्रुटियों के कारण चयन से बाहर किया गया. उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को गिरिडीह जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने मनमाने ढंग से नहीं हटाया है. बीसीसीआई के निर्धारित नियमों के अनुसार नौ सितंबर 2024 के बाद जारी किये गये जन्म प्रमाणपत्र मान्य नहीं हैं, जिसके कारण कुछ खिलाड़ियों के दस्तावेज स्वीकार नहीं किये गये. इसके अलावा कुछ खिलाड़ियों के कागजात स्कैन नहीं हो पा रहे थे, जबकि कुछ में अन्य त्रुटियां पायी गयीं. कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत की गयी है. इसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >