Giridih News :सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, रोका काम

Giridih News :परशुरामडीह से बसमता को जोड़ने वाली ग्रामीण विकास विभाग की सड़क निर्माण के नाम पर हो रही खानापूर्ति को देखते हुए ग्रामीणों ने आपत्ति जतायी है. ग्रामीणों ने रविवार को कुछ देर के लिए काम भी रोक दिया.

ग्रामीणों ने विभाग के वरीय अधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण करवा रहे संवेदक गुणवत्ता का ध्यान नहीं रख रहे हैं. जैसे-तैसे सड़क में पीसीसी निर्माण कर खानापूर्ति की जा रही है. पीसीसी की ढलाई में किनारे मोटा करने के बाद बीच में कम सामग्री देकर लेबल किया जा रहा है. बालू, सीमेंट और गिट्टी के अनुपात में भी मनमानी की जा रही है. रविवार की सुबह में कुछ देर तक के लिए काम रोक दिया गया. इसके बाद संवेदक के कर्मियों ने सुधार का भरोसा दिया, लेकिन सुधार की जगह-जगह फिर से जैसे-तैसे काम शुरू कर दिया.

निर्माण स्थल पर नहीं लगाया गया है बोर्ड

ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक की ओर से निर्माण संबंधी सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है. ग्रामीण मुंशी यादव, पिंकू यादव, पप्पू यादव, नागेश्वर यादव, अशोक यादव, मनोज ठाकुर, वीरेंद्र यादव, सुरेश यादव, पिंटू ठाकुर, महेंद्र यादव, संतोष यादव सहित अन्य ने कहा कि विभागीय अधिकारी जांच कर कार्य में सुधार कराये, ताकि उन्हें लंबे समय इसका लाभ मिल सके. पीसीसी ढलाई में पानी डालने की मांग की है, ताकि सड़क की गुणवत्ता बनी रहे. कहा यह सड़क लंबे समय से जर्जर थी, जिससे महुआर पंचायत के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों को परेशानी हो रही थी. अब निर्माण हो रहा है, लेकिन संवेदक की मनमानी से ग्रामीणों में रोष है.

जांच में गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई : जेई

इधर, आरसीडी विभाग के कनीय अभियंता मो फैज का कहना है कि सोमवार को कार्य की जांच करायी जायेगी. संवेदक को कार्य में सुधार का हिदायत के साथ-साथ सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >