Giridih News :केवाइसी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगा लोगों ने किया हंगामा
Giridih News :पीरटांड़ प्रखंड के चिरकी स्थित प्रतिमा गैस एजेंसी में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गयी, जब ग्रामीणों और कार्डधारकों ने गैस सिलिंडर की कालाबाजारी और केवाइसी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. मामला तब बढ़ गया, जब गैस से लदे ट्रक को एजेंसी तक नहीं लाकर कहीं दूर ही रखा गया.
Giridih News :केवाइसी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगा लोगों ने किया हंगामा
हंगामा की सूचना स्थानीय अधिकारियों को दी गयी. बताया गया कि एजेंसी के बाहर गैस टंकी की लंबी कतार लगी हुई थी. इसी बीच उसके कर्मियों ने केवाइसी के नाम पर पैसे मांगे और ट्रक को एजेंसी से दूर रखा. ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडरों की खुलेआम ब्लैक मार्केटिंग की जा रही है. साथ ही केवाइसी अपडेट करने के नाम पर प्रति उपभोक्ता 200 रुपये की अवैध वसूली हो रही है.
गोदाम से दूर खड़ा किया जाता है सिलिंडर लदा ट्रक
लोगों ने बताया कि गैस से लदे ट्रक को सिदो-कान्हू मैदान के पास रोक दिया जाता है और वहीं से सिलिंडरों की बिक्री की जाती है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों ने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर संदेह जताते हुए कहा कि जब कई उपभोक्ताओं का केवाइसी पूरा नहीं हुआ है, तब उनके मोबाइल पर स्वतः गैस बुकिंग का मैसेज कैसे आ रहा है. इससे एजेंसी की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है. मामले को लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा. ग्रामीण नितेश कुमार, बबलू कुमार, चंदन कुमार सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी संचालक लंबे समय से मनमानी कर हैं.
सीओ और थाना प्रभारी पहुंचे
सूचना मिलने पर सीओ ऋषिकेश मरांडी और थाना प्रभारी दीपेश कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया. सीओ ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है और पूरे प्रकरण की जांच करायी जायेगी. फिलहाल गैस से लदे ट्रक को ब्लॉक परिसर में सुरक्षित रखा गया है, जहां से सिलिंडरों को गोदाम भेजा जा रहा है.
क्या कहते हैं संचालक
इधर, एजेंसी संचालक ने कहा कि गैस गोदाम तक जानेवाला रास्ता खराब होने के कारण ट्रक वहां नहीं पहुंच पाता है. इसलिए ट्रक को सिदो-कान्हू मैदान के पास रोककर छोटे वाहनों के माध्यम से सिलिंडरों को गोदाम तक पहुंचाया जाता है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.