Giridih News :अखाड़ा समितियों व डीजे संचालकों से लिया गया शपथ पत्र
Giridih News : रामनवमी शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर धनवार थाना परिसर में सोमवार को बैठक हुई. अध्यक्षता थाना प्रभारी सत्येंद्र पाल ने की. बैठक में अखाड़ा समितियों, डीजे संचालक व बस एजेंटों ने भाग लिया.
Giridih News :अखाड़ा समितियों व डीजे संचालकों से लिया गया शपथ पत्र
थाना प्रभारी ने रामनवमी पर निकलने वाले अखाड़ों की तैयारियों की जानकारी ली तथा सभी अखाड़ा समितियों से शपथ पत्र भी लिया. डीजे संचालकों को भी न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश देते हुए शपथ पत्र भरवाया गया.
लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और सभी को नियमों के तहत ही पर्व मनाना होगा. कहा कि रामनवमी जैसे पर्व शांति, भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी समितियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. थाना में बस एजेंटों के साथ अलग से बैठक कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया. बस व अन्य वाहनों के एजेंटों को निर्देश दिया गया कि वे अपने वाहनों का ठहराव केवल धनवार बस पड़ाव में ही सुनिश्चित करें. मुख्य सड़कों पर वाहन खड़ा करने से जाम की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी होती है. थानेदार ने चेतावनी दी कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बैठक में चंदन कुमार, राजेश अग्रवाल, प्रदीप यादव, सुषेण पांडेय, बसंत राय, नरेश यादव, अशोक सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थे.
मुफस्सिल थाना में पुलिस ने की पुलिस मित्रों के साथ बैठक
गिरिडीह. रामनवमी को शांति व सौहार्द के साथ मनाने के लिए सोमवार को मुफस्सिल थाना परिसर में पुलिस मित्रों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गयी. अध्यक्षता थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने की. बैठक में रामनवमी जुलूस, पूजा व अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने पर चर्चा की गयी. थानेदार ने कहा कि श्याम किशोर महतो ने पुलिस मित्रों को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और शांति बनाये रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
पुलिस मित्र की भूमिका अहम
पुलिस मित्र स्थानीय होने के कारण क्षेत्र की स्थिति से भली-भांति परिचित रहते हैं, जिससे छोटी घटनाओं या आपसी विवादों को आपस में समझा-बुझाकर सुलझाने में पुलिस को काफी सहयोग मिलता है. किसी भी बड़ी घटना, असामान्य गतिविधि या स्थिति नियंत्रण से बाहर होने की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. पुलिस मित्रों से असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गयी. जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों, भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी चर्चा हुई.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.