Giridih News :विशेष अभियान के तहत अन-मैप्ड मतदाताओं के सत्यापन एवं मैपिंग में तेजी
Giridih News :मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
इसके अंतर्गत जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में अन-मैप्ड मतदाताओं के सत्यापन एवं मैपिंग का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है. इसी दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो, गिरिडीह एसडीओ श्रीकांत यशवंत विस्पुते समेत संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने क्षेत्रवार अन-मैप्ड मतदाता सूची के प्रकाशन, सत्यापन एवं विशेष पुनरीक्षण कार्यों का गहन अवलोकन किया.
किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने ना पाये
अभियान के क्रम में बूथवार मतदाताओं की जानकारी का मिलान करते हुए सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने ना पाए तथा सभी मतदाताओं की सही बूथ एवं क्षेत्र से समुचित मैपिंग हो सके. इसके तहत बीएलओ एवं निर्वाचन कर्मियों को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को पारदर्शिता के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया गया. साथ ही ऐसे मतदाताओं की पहचान पर विशेष बल दिया जा रहा है जिनकी प्रविष्टियां तकनीकी अथवा अन्य कारणों से अब तक मैप नहीं हो सकी है.
निर्वाचन आयोग का मकसद मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाना : डीसी
इस बाबत जारी विज्ञप्ति में जिला निर्वाचन पदाधिकारी रामनिवास यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में सही तरीके से शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है. उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की त्रुटि, नाम संशोधन, स्थानांतरण अथवा नए नाम जोड़ने के संबंध में बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर सहयोग करने को कहा. जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक पात्र मतदाता को उसके मताधिकार का पूर्ण अवसर प्राप्त हो सके.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.