Giridih News :2030 तक मलेरिया उन्मूलन का लिया गया संकल्प
Giridih News :विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शनिवार को सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह ने की. इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों को मलेरिया की रोकथाम के लिए शपथ दिलायी गयी.
Giridih News :2030 तक मलेरिया उन्मूलन का लिया गया संकल्प
सिविल सर्जन डॉ सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2030 तक मलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसे हासिल करने के लिए आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि मलेरिया से बचाव, इसके प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, समय पर सटीक जांच और उचित उपचार से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि गिरिडीह जिले में मलेरिया नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिली है. वर्ष 2017 में जहां मलेरिया के 7,276 मरीज सामने आये थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर मात्र 144 रह गयी है. यह सफलता स्वास्थ्य विभाग के सभी स्तर के कर्मियों, पदाधिकारियों, समाज कल्याण विभाग, जनप्रतिनिधियों तथा जिला प्रशासन के सामूहिक प्रयास का परिणाम है. इसके लिए सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया गया.
इनका रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला भीबीडी पदाधिकारी डॉ आरपी दास, जिला अधीक्षक डॉ प्रदीप बैठा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज कुमार सिंह, डीपीसी मुकेश कुमार, प्रभारी वीभीडी सलाहकार इंद्रदेव कुमार वर्मा, एफएलए पंकज कुमार, लिपिक उमेश यादव, मो मजाहिर इमाम, सिद्धेश्वर टुडू, रौशन कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
गांडेय में चला जागरूकता अभियान, आयुष्मान कार्ड भी बने
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय में मलेरिया दिवस मना. अगुआई प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अबू कासिफ हसन ने की. स्वास्थ्यकर्मियों व आम लोगों को मलेरिया उन्मूलन के लिए जागरूक किया गया और बचाव की शपथ दिलायी गयी. इस दौरान लोगों ने संकल्प लिया कि वे मलेरिया से बचाव व नियंत्रण के सभी दिशा-निर्देशों का पालन व सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करेंगे. घर के आसपास साफ-सफाई रखेंगे, जल जमाव नहीं होने देंगे तथा बुखार होने पर तुरंत स्वास्थ्यकर्मी या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर जांच करायेंगे. गांव व समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे. मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मोनिका गाड़ी, मोहन प्रसाद, श्वेता कुमारी, शैलेश कुमार मौजूद थे. इधर, एमपीडब्ल्यू केशव कुमार, हीरालाल, बुलबुल सिंह व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि मलेरिया एक गंभीर, लेकिन पूरी तरह रोकथाम योग्य बीमारी है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर पूरे प्रखंड में एमपीडब्ल्यू, सहिया, सहिया साथी व एएनएम ने कैंप लगाकर सैकड़ों आयुष्मान कार्ड बनाये.
साफ-सफाई करने का संकल्प लिया
विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सीएचसी देवरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ देवव्रत कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों व सहिया ने मच्छरदानी के नियमित प्रयोग, आसपास के क्षेत्र में जलजमाव नहीं होने देने, अपने घरों की नियमित साफ-सफाई करने का संकल्प लिया. साथ ही बुखार, सरदर्द, कंपकंपी व उल्टी जैसी शिकायत होने पर खून की जांच करवाने पर बल दिया गया. बरसात शुरू होने के पूर्व बचाव के उपायों से इस रोग से बचा जा सकता है. मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सूरज कुमार, डॉ दिनेश सिंह, बीबीएम आलोक कुमार, एमटीएस मो संताज आदि शामिल थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.