Giridih News :अखाड़ा में दिखा भक्ति और शौर्य का संगम, नारी शक्ति का हैरतअंगेज प्रदर्शन
जिले में रामनवनी पर्व शुक्रवार को पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. हर गली-मोहल्ले में भगवा ध्वज लहरा रहा था. जगह-जगह से भव्य शोभा यात्रा निकाली गयी. पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान रहा.
Giridih News :अखाड़ा में दिखा भक्ति और शौर्य का संगम, नारी शक्ति का हैरतअंगेज प्रदर्शन
शहर की अखाड़ा कमेटियों ने सुबह में पारंपरिक रूप से शोभा यात्रा निकाली. जुलूस में आकर्षक झांकियों और सजे-धजे घोड़ों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. युवाओं की टोली बैंड-बाजे की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रही थी. अखाड़े में युवाओं ने हैरत अंगेज करतब दिखाये.
बड़ा चौक पर अखाड़ा का आयोजन
शहर के बड़ा चौक स्थित हनुमान मंदिर के समक्ष शुक्रवार की सुबह पांच बजे व शाम को विशेष आयोजन किया गया. इसमें युवाओं ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया. रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपने घरों की छतों और आंगन में विधिवत पूजा-अर्चना कर महावीरी पताका लहराया. पूजा के लिए मंदिरों में विशेष व्यवस्था की गयी थी. शहरी क्षेत्र के बड़ा चौक, मौहलीचुआं, हनुमानगढ़ी, अरगाघाट, पपराटांड़, बरमसिया, पचंबा, अलकापुरी और अन्य प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी.
नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू ने की शांति व सुख-समृद्धि की कामना
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रामनवमी के अवसर पर सभी के लिए सुख, शांति व समृद्धि की कामना की. श्री सोनू इसामाजिक संगठनों के मंच पर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. गिरिडीह के जेपी चौक (कचहरी चौक) स्थित श्री महावीर सेवा समिति ने उनका स्वागत पगड़ी पहनाकर किया गया. इससे पूर्व उन्होंने महावीर मंदिर में पूजा की.
नारी शक्ति ने किया अखाड़ा का प्रदर्शन
शहर के बड़ा चौक पर नारी शक्ति ने सामूहिक रूप से अखाड़ा का भव्य प्रदर्शन कर अपनी शौर्य और साहस का परिचय दिया. लोगों की भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुंब प्रबोधन ने इसका आयोजन किया था. इसमें प्रशिक्षक मंडली ने युवतियों व बच्चियों को लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक हथियारों के प्रदर्शन के गुर सिखाये. अखाड़ा में शामिल युवतियां व बच्चियां एक वेशभूषा में अनुशासन तथा अपने कौशल प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया.
बच्चियों के प्रदर्शन की लोगों ने की सराहना
रामनवमी जैसे पारंपरिक पर्व में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में युवतियों व बच्चियों के सामूहिक प्रदर्शन की दर्शकों ने खुलकर सराहना की. बताया गया कि पूर्व में रामनवमी के अवसर पर कुछ युवतियाें ने व्यक्तिगत रूप से अखाड़ा में भाग लिया था, लेकिन इस बार सामूहिक रूप से इतने बड़े स्तर पर यह पहली पहल थी. इसने आनेवाले वर्षों के लिए एक नयी परंपरा की नींव रख दी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.