गावां : पिहरा पश्चिमी पंचायत स्थित जगदीशपुर निवासी स्वारथ महतो पिता टुक्कू महतो के घर में आग लग गयी. अगलगी में घर में रखे हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति जल कर राख हो गयी, वहीं घर के अंदर बंधे हुए दो मवेशी भी झुलस गये. भुक्तभोगी ने बताया कि मंगलवार की देर रात अचानक घर से आग की लपटें उठने लगी. आग की लपटें व धुआं से सभी की नींद टूटी.
जान बचाकर परिवार के सभी सदस्य बाहर निकले और हो-हल्ला करने लगे. हो-हल्ला सुन आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हुए और आग बुझाने में जुट गये. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक घर में रखे अनाज, कपड़े आदि जल कर राख हो गये. घटना की सूचना के बाद मुखिया मुनवा देवी पहुंची और भुक्तभोगी को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
