गांडेय : वर्ष 2002 में शिलान्यास, 2005 में निर्माण शुरू हुआ और काम अभी तक अधूरा. मामला गांडेय प्रखंड मुख्यालय से सटे मोहदा मोड़ स्थित महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन का है. वर्ष 2002 में तत्कालीन मंत्री समरेश सिंह ने गांडेय स्थित गांधी नगर में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का शिलान्यास किया था. इसके बाद जमीन की पेंच के कारण मामला अधर में लटक गया.
शिलान्यास स्थल से अलग शुरू हुआ निर्माण
वर्ष 2002 में शिलान्यास के बाद जमीन को लेकर विवाद हुआ तो विभाग ने वर्ष 2005 में शिलान्यास स्थल से अलग हटकर मोहदा मोड़ के पीछे भवन निर्माण शुरू किया. भवन निर्माण प्रमंडल के तहत टेंडर के माध्यम से यहां काम शुरू हुआ. इसकी प्राक्कलन राशि करीब 67 लाख है.
चोर-उचक्कों का अड्डा बना अधूरा भवन
वर्तमान में स्थिति यह है कि यह अधूरा भवन चोर उचक्कों, जुआड़ियों व शराबियों का अड्डा बन गया है. भवन के अंदर गंदगी का अंबार लगा हैै.
छात्राओं को जाना पड़ता है दूसरी जगह
अभी क्षेत्र की लड़कियों को आइटीआइ की पढ़ाई के लिए पचंबा,धनबाद और अन्य जगहों पर जाना पड़ता है. यहां संस्थान खुलने से क्षेत्र की लड़कियों को औद्योगिक प्रशिक्षण की पढ़ाई में आसानी होगी.
