गावां : गावां थाना क्षेत्र के माल्डा बाजार से गुरुवार की सुबह स्थानीय दुकानदारों ने चोरी के एक आरोपी को पकड़ कर गावां पुलिस के हवाले किया है. बताया जाता है कि नगवां पंचायत के कोनी निवासी अजीत प्रसाद यादव माल्डा बाजार स्थित प्रदीप लाल की मनिहारी दुकान पहुंचा और जूता दिखाने को कहा.
दुकानदार जूता निकालने लगा. इसी दौरान अजीत ने दुकान के गल्ले में रखे इक्कीस सौ रुपये निकाल लिये. हालांकि पैसा निकालने के दौरान कुछ रुपये काउंटर के नीचे गिर गये. दुकानदार की नजर जब नीचे पड़े रुपये पर पड़ी. उसने उसे उठा कर वापस गल्ले में रखने के लिए जैसे ही गल्ला खोला तो राशि गायब देख अजीत से पूछताछ करने लगा. इसी बीच आसपास के दुकानदार भी इकट्ठा हो गये. दुकानदारों ने उसकी तलाशी ली तो उसके जेब से चोरी गयी राशि बरामद हो गयी.
मामले की सूचना दुकानदार ने तुरंत गावां थाना को दी. सूचना पाकर गावां पुलिस मौके पर पहुंची और अजीत को अपने साथ ले गयी. पूछताछ में उसने पैसे की चोरी करने की बात स्वीकारी. पुलिस ने अजीत की निशानदेही पर उसके घर से चोरी के लगभग आधा दर्जन मोबाइल व नकद भी बरामद किया. थानेदार श्रीनिवास कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. उसे जेल भेज दिया जायेगा.
