गिरिडीह : मुफस्सिल थाना इलाके के नागरवापथर गांव में सोमवार को कुछ लोगों ने रुस्तम अंसारी की पीटकर हत्या कर दी थी. मंगलवार को मृतक के पुत्र वारिश अंसारी के फर्द बयान पर करहरबारी के पूर्व मुखिया अर्जुन रवानी समेत नौ लोगों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
वहीं पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया है. फर्द बयान में वारिश ने कहा है कि सोमवार की सुबह तीन बजे उसके पिता रुस्तम शौच के लिए जा रहे थे. इसी दौरान गांव के पास ही दबंगों और बैलगाड़ीवान के बीच रंगदारी को लेकर बहस होने लगी.
दबंग गाड़ीवान से 50 रुपये रंगदारी मांग रहे थे, जिसका विरोध उसके पिता ने किया. इसी बात पर अर्जुन रवानी, बासुदेव रवानी, घिया रवानी, धीरज रवानी, मुकेश रवानी, छोटू रवानी, संदीप रवानी, सोहन पासी और मोहन पासी ने पहले घेर लिया और किनारे ले गये, बाद में इन लोगों उसके पिता की हत्या कर दी.
इधर इस संदर्भ में मुफस्सिल थाना प्रभारी अजय कुमार साहू ने बताया की इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. नामजद आरोपी सोहन पासी और संदीप रवानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
