देवरी. शराब के नशे में पति ने पत्नी की जान ले ली. मामला भेलवाघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुनियाथर पंचायत के महेशकिशोर टोला सागबारी का है. मृतका का नाम सनमनी हेम्ब्रोम(30) है. घटना सोमवार देर शाम की है. मृतका गर्भवती थी. वह अपने चाचा के श्राद्धक्रम में भाग लेने के लिए बरहमोरिया स्थित मायके आयी थी. इस संदर्भ में मृतका के पिता सुखु हेंब्रम ने बताया कि सोनमनी के साथ उसके पति जोसेफ मरांडी की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी.
इसी दौरान शराब के नशे में जोसेफ ने उसके पेट में पैर से मार दिया. कुछ ही देर में सोनमनी ने दम तोड़ दिया. इधर घटना की खबर पाकर थाना प्रभारी हनुमान शरण सिन्हा पुलिस बल के साथ सागवारी गांव पहुंचे. मृतका के पिता सुखु हेंब्रम के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला (कांड संख्या 04/2016) दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी जोसेफ मरांडी जमुई (बिहार) के चकाई प्रखंड के बरहमोरिया का पंचायत समिति सदस्य भी हैं.
