कोयला चोरी के विवाद में भिड़ंत, एक की मौत

मुफस्सिल थाना इलाके के नगरवापत्थर गांव की घटना दोनों ओर से पत्थरबाजी गिरिडीह : मुफस्सिल थाना इलाके के नगरवापत्थर गांव में सोमवार की सुबह कोयला की चोरी को लेकर विवाद के बाद दो गुट भिड़ गये. इस दौरान पिटाई से नगरवापत्थर निवासी मो रुस्तम(40) की मौत हो गयी. क्या है मामला : रविवार की रात […]

मुफस्सिल थाना इलाके के नगरवापत्थर गांव की घटना
दोनों ओर से पत्थरबाजी
गिरिडीह : मुफस्सिल थाना इलाके के नगरवापत्थर गांव में सोमवार की सुबह कोयला की चोरी को लेकर विवाद के बाद दो गुट भिड़ गये. इस दौरान पिटाई से नगरवापत्थर निवासी मो रुस्तम(40) की मौत हो गयी.
क्या है मामला : रविवार की रात नगरवापत्थर पहाड़ी के पास कुछ लोगों ने कोयला लेने के लिये पहुंचनेवाली बैलगाड़ियों को रोक दिया. इसके बाद काफी संख्या में लोग नगरवापत्थर पहुंचे मारपीट शुरू हो गयी. दोनों ओर से पथराव भी हुआ. इस क्रम में अपने पुत्र के साथ ओपेनकास्ट जा रहे नगरवापत्थर निवासी मो रुस्तम के साथ जमकर मारपीट की गयी.
सूचना पर करहरबारी के मुखिया मुमताज अंसारी व पंचायत समिति सदस्य देवचरण दास समेत कई ग्रामीण पहुंचे और घायल रुस्तम को सदर अस्पताल ले गये, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिये धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया. पीएमसीएच में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
ओपेनकास्ट और डिपो से होती है चोरी
ओपेनकास्ट माइंस व कोल डिपो में आये दिन रात के समय कोयला की चोरी होती है. काफी संख्या में लोग ओपेनकास्ट पहुंच जाते हैं. कोयला को साइकिल, बैलगाड़ी व बाइक से लादकर दूसरी जगहों पर खपाया जाता है .
जांच को पहुंचे थाना प्रभारी
घटना की सूचना के बाद मुफस्सिल थाना प्रभारी अजय कुमार साहू मामले की जांच करने घटनास्थल पर पहुंचे. यहां पर उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, वहां खून के धब्बे मिले. थाना प्रभारी ने लोगों से बात भी की. कुछ लोगों ने बताया कि बैलगाड़ी से दुर्घटना का खतरा था, इसलिये कुछ लोगों ने रात में बैलगाड़यों को रोका था, तभी हथियार से लैस दर्जनों लोग आ पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी.
दो हिरासत में
जांच के बाद इलाके में पुलिस ने छापामारी अभियान भी चलाया. क्यूआरटी के जवानों के साथ मिलकर घटनास्थल के आसपास के कई गांवों में आरोपियों की खोज की गयी. पुलिस ने करहरबारी गांव से दो लोगों को हिरासत में भी लिया है,जिनसे पूछताछ की जा रही है.
फर्दबयान पर होगी प्राथमिकी: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी अजय कुमार साहू ने बताया कि मारपीट कर हत्या करनेवालों के खिलाफ फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी और सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >