इसरी बाजार : डुमरी प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित पंचायत समिति भवन में सोमवार को योजना बनाओ अभियान को लेकर प्रखंड के महिला स्वयं सहायता समूहों की बैठक हुई.
अध्यक्षता डुमरी बीडीओ मनोज कुमार ने की. बीडीओ श्री कुमार ने कहा कि योजना बनाओ अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के सहयोग से गांव के जरूरत के अनुसार विकास योजनाओं का चयन करना है. इस अभियान के तहत ग्रामीण अपने गांव में मौजूद संसाधनों, आजीविका और जरूरतों पर आधारित योजनाओं का चयन करेंगे. अभियान की सफलता के लिए ग्रामीणों और स्वयं सहायता समूहों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है.
बैठक में मौजूद स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को अभियान के उद्देश्यों, कार्यकलापों, योजनाओं के चयन आदि के संबंध में विस्तार से बताया गया. साथ ही उन्हें अभियान के सभी क्रियाकलापों में शामिल होने और क्रियान्वित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में डुमरी बीपीओ सुरेन्द्र बर्णवाल, जेएसएलपीएस के डीपीएम शैलेन्द्र जरिका, पंकज कुमार सिंह, आशा कुमारी, सरिता देवी, फूलवंती देवी, कुसमी देवी, खुशबू देवी, पूनम देवी, अनिता देवी आदि उपस्थित थे.
