गिरिडीह : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह डीसी उमाशंकर सिंह ने बताया कि तीसरे चरण में राजधनवार, बिरनी व सरिया प्रखंड में 74.67 प्रतिशत मतदान हुआ है. राजधनवार में 75 प्रतिशत, बिरनी में 75 प्रतिशत व सरिया प्रखंड में 74 प्रतिशत वोट पड़े.
कुछ जगहों पर छिटपुट घटनाओं को छोड़कर तीनों प्रखंडों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ. डीसी शनिवार को कंट्रोल रूम में पत्रकारों से बात कर रहे थे. उन्होंने कहा कि बूथ नंबर 93 में असामाजिक तत्वों ने मत पत्र फाड़ दिया, लेकिन रिजर्व बैलेट पेपर से ससमय मतदान कराया गया है.
बूथ नंबर 64 में मतपेटी में पानी डालने व बूथ नंबर 44 में मतपेटी में स्याही डालने की शिकायत मिली थी, जब दोनों बूथों पर सेक्टर पदाधिकारी व जोनल मजिस्ट्रेट ने जांच की तो वहां कुछ भी आपत्तिजनक बातें सामने नहीं आयी है. डीसी ने कहा कि अब पीठासीन पदाधिकारी की डायरी पर ही अंतिम निर्णय लिया जायेगा. बताया कि चार दिसंबर को क्लसटर से 109 मतदान कर्मी अनुपस्थित पाये गये. इनके विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई के लिए राज्य चुनाव आयोग के पास शिकायत की गयी है. इनके एक दिन का वेतन कटौती की जायेगी.
मौके पर उपस्थित एसपी कुलदीप द्विवेदी ने कर्तव्य निर्वहन के लिए जिला पुलिस बल, सुरक्षा कर्मियों व मतदान कर्मियों को साधुवाद दिया. साथ ही चुनाव में जनता के सहयोग के लिए उन्हें भी धन्यवाद दिया. एसपी ने कहा कि तीनों स्थानों पर शांतिपूर्ण मतदान कराया गया है.
