पीरटांड़/तिसरी : जिले के अलग-अलग स्थानों पर शुक्रवार को सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गयी, वहीं आठ घायल हो गये. पहली घटना गिरिडीह-डुमरी पथ के कठवारा के पास घटी. यहां दिन के करीब 12.30 बजे चालक की लापरवाही से एक ऑटो पलट गया और इसमें सवार नगर थाना क्षेत्र के मोहलीचुआं निवासी वीरेंद्र लाल(45) की मौत हो गयी.
घटना में पीरटांड़ के सहदेव टुडू, बंदरकुप्पी के मनोज साव, खुखरा के राजेश स्वर्णकार व सुखदेव मंडल घायल हो गये. वीरेंद्र लाल अपनी बेटी की शादी का कार्ड देने बहन के घर कुम्हरलालो गये थे. बेटी की शादी 14 दिसंबर को है. कार्ड देकर वह वापस मोहलीचुआं के लिए निकले और कठवारा मोड़ पर एक ऑटो में बैठे. ऑटो में अन्य कई यात्री भी थे. सड़क हादसोंथोड़ी दूर जाकर ऑटो पलट गया और वीरेंद्र लाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण व परिजनों ने गिरिडीह-डुमरी पथ को कठवारा के पास जाम कर दिया.
जाम में चुनाव कर्मियों को ले जा रहे वाहन समेत अन्य वाहन भी फंस गये. करीब एक घंटे तक जाम रहा. सूचना मिलने पर पीरटांड़ के बीडीओ विकास कुमार राय, सीओ यशवंत नायक व थाना प्रभारी रुख्सार अहमद घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों तथा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. बीडीओ ने मृतक के परिजन को दस हजार रुपये का मुआवजा देकर अन्य सरकारी सुविधा की व्यवस्था करने की बात कही. वहीं पीरटांड़ थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. साथ ही घटना में घायल चार लोगों को सदर अस्पताल में भरती कराया है. घटना के बाद पुलिस ने ऑटो को जब्त कर लिया है. वहीं दूसरी घटना तिसरी थाना क्षेत्र के पेसराटांड़ की है.
यहां शाम 5.30 पांच बजे देवरी थाना क्षेत्र के चोलीडीह निवासी देवानंद राम(23) स्कूटर से खिजुरी बाजार जाने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया. घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. सूचना मिलते ही उनके परिजन व काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. इधर सूचना पाकर तिसरी थाना प्रभारी विनोद उरांव दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया. हालांकि परिजनों व ग्रामीणों के अनुरोध पर पुलिस ने शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. उधर लोकाय-नयनपुर थाना अंतर्गत असनातरी स्कूल के पास शुक्रवार की शाम एक टेंपो पलट गया. घटना में एक की मौत हो गयी, जबकि पांच लोग घायल हो गये. मृतक नीतेश हेंब्रम(20)असनातारी का रहनेवाला था.
बताया जाता है कि गंभीर रूप से घायल नीतेश को थाना प्रभारी मिशिर उरांव ने तिसरी अस्पताल में भरती कराया, लेकिन स्थित देख चिकित्सकों ने गिरिडीह रेफर कर दिया.
जब परिजन नीतेश को लेकर बेलाटांड़ अस्पताल पहुंचे तब वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इधर इस घटना में घायल असनातरी निवासी दिनेश बेसरा, जगदीश बेसरा, सुनील बेसरा व मंडरू बेसरा का इलाज असनातरी के ही एक निजी क्लिनिक में चल रहा है. बताया जाता है कि उक्त टेंपो लपरियार गांव से डुब्बा जा रहा था.
