पंचायत चुनाव. पहले चरण के चुनाव को लेकर नामांकन की लगी होड़, समर्थकों के साथ पहुंचे प्रत्याशी
गिरिडीह : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर पहले चरण के नामांकन के तीसरे दिन यानी बुधवार को जिप सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया व वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 614 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किये. जिला परिषद के नौ, पंचायत समिति के 85, मुखिया के 124 व वार्ड सदस्य के 396 प्रत्याशियों ने परचा दाखिल किया. पहले चरण में गिरिडीह, गांडेय व जमुआ प्रखंड में चुनाव होना है.
बुधवार को जिला परिषद सदस्य के लिए गांडेय के सुनील मुर्मू, आसमीन खातून, सनवर जहां, मुख्तार अंसारी, मीरा रवानी व श्याम मोहली ने नोमिनेशन किया. इनके अलावे जमुआ की सलमा खातून, नीलम देवी, राजेश कुमार दास ने भी नामांकन परचा दाखिल किया. गिरिडीह एवं गांडेय प्रखंड से पंचायत समिति सदस्य के लिए 58 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया. इसमें गिरिडीह से 28 व गांडेय से 30 प्रत्याशी शामिल हैं. गिरिडीह प्रखंड से मुखिया के लिए 28 एवं वार्ड सदस्य के लिए 111 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया.
गांडेय प्रखंड से मुखिया पद के लिए 58, जबकि वार्ड सदस्य के लिए 160 प्रत्याशियों ने नामांकन परचा भरा, वहीं जमुआ प्रखंड से मुखिया पद के लिए 38, पंचायत समिति सदस्य के लिए 27 व वार्ड सदस्य के लिए 125 प्रत्याशियों ने परचा दाखिल किया.
