गिरिडीह : गिरिडीह शहरी और ग्रामीण इलाकों में हो रही बाइक चोरी की घटना पर लगाम नहीं लग रही है. प्रत्येक माह छह बाइकों की चोरी हो रही है. सबसे सुरक्षित इलाका समझे जानेवाले समाहरणालय परिसर के पास से बाइक चोरी की सर्वाधिक वारदात हो रही है. यहां पर तो आंख बंद और डिब्बा गुल की तरह बाइक चोर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं.
सर्वाधिक चोरी जुलाई में : एक अनुमान के अनुसार फरवरी से छह अक्तूबर तक सिर्फ नगर थाना में चार दर्जन बाइकों पर अपराधियों ने हाथ साफ किया है. माह वार जिक्र करें तो नगर थाना इलाके से फरवरी में पांच, मार्च में पांच, अप्रैल में पांच, मई में छह, जून में आठ, जुलाई में 10, अगस्त में पांच, सितंबर चार तो अक्तूबर में एक बाइक की चोरी हो चुकी है.
पुलिस की तैनाती भी बेअसर : बाइक चोरी पर लगाम लगाने को ले पुलिस बल को जगह-जगह तैनात किया गया है. कचहरी परिसर, सदर अस्पताल, कई बैंकों व समाहरणालय के पास भी जवानों की तैनाती की गयी है, लेकिन इसका बहुत फायदा होता नहीं दिखता. अपराधी जवानों की आंख में धूल झोंक कर बाइक पर हाथ साफ कर ले रहे हैं.
18 बाइक बरामद : गत आठ महीनों में नगर थाना इलाके से चोरी गयी 48 बाइकों में से 18 बाइकों की बरामदगी हो चुकी है. बाइक चोरी के मामले में आधा दर्जन से अधिक अपराधी जेल भी जा चुके हैं. कई गिरोहों का उदभेदन भी हुआ है, लेकिन बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम नहीं लग सका है.
पिछले दिनों जमुआ इलाके से बाइक चोरी का एक आरोपी को पकड़ा गया था. वह पूर्व में भी बाइक चोरी में जेल जा चुका था. उससे पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिलता, लेकिन छिपकली खा लेने से उसकी तबियत ही बिगड़ गयी. फलत: पुलिस उससे पूछताछ नहीं कर सकी.
