बेंगाबाद : बेंगाबाद प्रखंड भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अकबर अंसारी और उनके पड़ोसी इसराफिल अंसारी उर्फ भालु मियां का गुरुवार की रात अपहरण कर लिया गया़ देवाटांड़ निवासी अकबर के अपहरण के पीछे नक्सलियों के हाथ होने की बात कही जा रही है. दोनों के अपहरण के कुछ ही घंटे बाद इसराफिल को छोड़ दिया गया.
एसपी कुलदीप द्विवेदी के निर्देश पर बेंगाबाद पुलिस अकबर को बरामद करने में जुटी है. अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त इसराफिल अंसारी ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की देर रात लगभग 12 से 1 के बीच दर्जन भर की संख्या में नकाबपोश लोग उसके घर पर आ धमके और उसे कब्जे में ले लिया. इसके बाद उससे कहलवा कर अकबर अंसारी के घर का दरवाजा खुलवाया. अकबर के घर से बाहर आते ही दोनों का अपहरण कर लिया गया. एसपी कुलदीप द्विवेदी का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. अकबर की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जायेगा.
लगातार मिल रही थीं धमकियां : अपहृत भाजपा नेता के भाई नासिर अंसारी ने कहा कि अकबर के पुत्र हैदर की हत्या वर्ष 2009 में की गयी थी. इस हत्याकांड के आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा मिलने से उनके परिजन आक्रोश में आ गये थे और बदला लेने की धमकी दे रहे थे.
पूर्व में भी धमकी दी गयी थी. नासिर का कहना है कि जिस दिन हैदर के हत्यारोपियों को सजा सुनायी गयी, उस दिन जब वे जेल जा रहे थे तो धमकी दी गयी थी कि बकरीद पर्व वे लोग नहीं मना पायेंगे तो उन्हें भी नहीं मनाने देंगे. नासिर का आरोप है कि नक्सलियों ने मुकदमा उठाने की धमकी दी थी. कुछ वर्ष पूर्व नक्सलियों ने घर के बाहर एक पत्र भी चिपकाया था.
शांति समिति की बैठक में जतायी थी आंशका
शांति समिति की बैठक में जतायी थी आंशका
पिछले दिनों बकरीद को लेकर बेंगाबाद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी थी.
इस दौरान अकबर अंसारी ने बकरीद की नमाज के दौरान अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए सुरक्षा की मांग की थी. अकबर की इस मांग के बाद बेंगाबाद बीडीओ व थाना प्रभारी ने देवाटांड़ गांव में शांति समिति की बैठक का आयोजन कर लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद मनाने की बात कही थी. फिलहाल देवाटांड़ गांव में एलआरपी की टीम व होमगार्ड के जवान तैनात कर दिये गये हैं.
पीड़ित के घर विधायक पहुंचे : घटना की सूचना पाकर गांडेय विधायक जयप्रकाश वर्मा देवाटांड़ पहुंचे और परिजन को ढाढ़स बंधाते हुए प्रशासन से अकबर की अविलंब बरामदगी की मांग की. भाजपा अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कामेश्वर पासवान व अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष इरफान अंसारी ने कहा कि आपसी रंजिश के कारण ही इस घटना को अंजाम दिया गया है. नेताओं ने अकबर की सकुशल रिहाई की मांग पुलिस से की है.
पत्नी ने लगाया नक्सलियों पर आरोप
अकबर अंसारी की पत्नी सजीदा बीबी ने शुक्रवार को बेंगाबाद थाना में लिखित शिकायत की. बकौल सजीदा, गांव के ही जीवन मियां, कबीर मियां, मधु मियां और तसलीम मिंया समेत दर्जन भर अज्ञात लोगों ने उसके पति का अपहरण किया है. सजीदा बीबी का आरोप है कि नक्सली भी इस घटना में शामिल हैं.
परिजनों के अनुसार, नकाबपोश अपराधी हथियारों से लैस थे़ उन्होंने धमकी देकर चुप रहने को कहा और अकबर को बोलेरो में बैठा कर ले गये़ उनके जाने के बाद परिजनों ने हल्ला किया, तो ग्रामीण जुटे और पुलिस को सूचना दी गयी़
आरोपियों व इसराफिल से पूछताछ
अपहरण की घटना सामने आने के बाद पुलिस रेस हो गयी है. एसपी कुलदीप द्विवेदी के निर्देश पर डीएसपी शंभु कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक रामलाल राम व थाना प्रभारी मनोज कुमार मामले की छानबीन में जुट गये हैं. पुलिस अधिकारी अकबर के घर जाकर पूरे मामले की जानकारी ली. बाद में कई जगहों पर छापेमारी की गयी. जिन लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है, उन्हें भी थाना लाया गया और पूछताछ की गयी.
इसराफिल से भी पुलिस ने पूछताछ की है. समाचार लिखे जाने तक अकबर का पता नहीं चल सका था.
