Giridih News :एक महीने में 51 दुर्घटनाएं, 26 की मौत, 73 घायल

Giridih News :सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिले में प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी सड़क सुरक्षा माह के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया. इसके बाद भी जिले में दुर्घटनाएं होतीं रहीं.

इस अभियान के तहत लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए जिले भर में कार्यक्रम हुए. हालांकि, अभियान के समापन के बाद यह सवाल अब भी बना हुआ है कि इन प्रयासों से आम लोगों में जागरूकता कितनी बढ़ी है और इसका जमीनी असर कितना दिखाई दे रहा है. एक माह तक चले इस अभियान के दौरान गिरिडीह परिवहन विभाग की ओर से स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम किये. वहीं चौक-चौराहों, बस स्टैंडों व प्रमुख सड़कों पर भी लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया. हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार व नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गयी. इसके अलावा पंपलेट वितरण और बैनर-पोस्टर के माध्यम से भी लोगों तक संदेश पहुंचाया गया. इसके बाद भी आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं. जनवरी माह में चले सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान जिले में कुल 51 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 73 लोग घायल हुए, जबकि 26 लोगों की मौत हो गयी. यह आंकड़ा यह दर्शाता है कि जागरूकता अभियान के बावजूद सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है.

गिरिडीह-डुमरी, बेंगाबाद, देवरी और बगोदर में सबसे ज्यादा हताहत

इस दौरान जिले में गिरिडीह-डुमरी मुख्य सड़क और बेंगाबाद थाना क्षेत्र सड़क दुर्घटनाओं के लिहाज से सबसे अधिक संवेदनशील साबित हुए. आंकड़ों के अनुसार गिरिडीह-डुमरी मुख्य सड़त पर दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुये. वहीं, बेंगाबाद क्षेत्र में भी सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ चिंताजनक रहा. यहां अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में चार लोगों की जान चली गयी, जबकि 12 लोग घायल हुए. लोगों के अनुसार इस क्षेत्र में संकरी सड़कें, तेज गति से चलने वाले वाहन और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों का प्रमुख कारण बने. इसके अलावा देवरी में हुई दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई, जबकि चार लोग घायल हुए. इसी तरह बगोदर थाना क्षेत्र में सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं सात लोग घायल हो गए. इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिले के प्रमुख मार्गों और थाना क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर अभी भी गंभीर चुनौतियां बनी हुई हैं. इन क्षेत्रों में सख्त निगरानी, गति नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जरूरत है.

जनवरी माह में घटी बड़ी घटनाएं

केस स्टडी 1 : बेंगाबाद में ऑटो पलटने से छात्र की मौत

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पेसराटांड़ में 15 जनवरी को टेंपो पलटने से उसके नीचे दबकर एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक छात्र की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो बदवारा पंचायत का रहने वाला था. बताया गया कि मनीष हजारीबाग में पढ़ाई करता था और वह इंटरमीडिएट का छात्र था.

केस स्टडी 2 : देवरी में कार-ट्रक में टक्कर, तीन की जान गयी

देवरी थाना क्षेत्र के चत्ररो गांव मुख्य मार्ग पर 17 जनवरी को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई. यहां एक कार और धान लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

केस स्टडी 3 : बेंगाबाद में टोटो–बाइक की टक्कर, युवक की मौत, आठ घायल

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के झलकडीहा में 18 जनवरी को एक टोटो और बाइक के बीच हुई टक्कर बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में टोटो में सवार यात्री भी शामिल बताये जा रहे हैं.

केस स्टडी 4 : पीरटांड़ में अज्ञात वाहन की टक्कर, महिला व युवक की मौत

पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पांडेयडीह में 23 जनवरी को वाहन की चपेट में आने से एक महिला और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. वाहन के टक्कर से दोनों सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने मदद करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >