चिचाकी स्टेशन पर दिया गया है तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव
सरिया प्रखंड क्षेत्र के चिरुवां पंचायत स्थित बाबा गौश अली शाह सैफुल्ला रहमतुल्ला अलैह के मजार पर प्रतिवर्ष चादरपोशी की जाती है. इस वर्ष आठ फरवरी से 10 फरवरी तक तीन दिवसीय 45वां सालाना उर्स मेले का आयोजन होगा. इसकी तैयारी चल रही है. इस संबंध में गौसिया जनरल कमेटी के सदर (अध्यक्ष) रफीक अंसारी तथा सेक्रेटरी लाल मोहम्मद ने बताया कि मुस्लिम धर्मावलंबियों के लिए चिरुवां शरीफ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है. यहां सालों भर भारत के कोने-कोने से जायरिनों का आना-जाना लगा रहता है. इस मजार शरीफ का इतिहास काफी पुराना है. बाबा गौस अली शाह मैसूरी पूरे देश में पैदल भ्रमण किये. इसी दौरान सरिया प्रखंड क्षेत्र के चिरुवां गांव में उन्होंने वर्ष 1940 में अपना डेरा जमाया. सूफी-संत के रूप में उनकी पहचान क्षेत्र में बढ़ गयी. लोग अपनी मनोकामना को लेकर पहुंचने लगे. बाबा का आशीर्वाद उन पर बरसने लगा. लगभग 40 वर्षों तक वहां रहकर लोगों को आशीर्वाद बांटते रहे. वर्ष 1980 ईस्वी में उन्होंने चिरुवां गांव में ही अंतिम सांस ली, जहां मुस्लिम समुदाय उन्हें सुपुर्द- ए-खाक किया. इस स्थल पर मुस्लिम समाज के लोगों के आपसी सहयोग से भव्य मजार कर उर्स मेला शुरू किया. यहां कि खास विशेषता है कि यहां सभी की मन्नत पूरी होती है. यहां हिंदू-मुस्लिम सहित अन्य धर्मावलंबी सालों भर मन्नत मांगने आते हैं. गौसिया जनरल कमेटी 40 वर्षों से सालों भर लंगर चलाती है.दूसरे राज्यों से भी पहुंचते हैं जायरीन
तीन दिनों तक चलने वाले इस उर्स मेले में बिहार, बंगाल, ओडिशा, असम, बेंगलुरु, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत अन्य राज्यों से हजारों जायरीन यहां चादर चढ़ाते हैं. उनकी मन्नतें पूरी होती है. जायरिनों की सुविधा के लिए रेलवे भी गंभीर रहता है. नजदीक के चिचाकी रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस, लुधियाना एक्सप्रेस तथा रांची पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव पांच फरवरी से शुरू हो गया है. 19 फरवरी तक ट्रेनों का ठहराव होगा. इसके लिए गौसिया जनरल कमेटी ने रेलवे को पत्र लिखा था. कमेटी के सदस्यों ने बताया कि आठ फरवरी को मजार शरीफ गुसूल कार्यक्रम, नौ को उलमा का तकरीर तथा 10 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कुरानखानी व रात में कव्वाली का आयोजन किया गया है. तीन दिनों तक भाव मिले का भी आयोजन किया गया है, जहां दूर-दूर से व्यापारी पहुंचे हैं. मेला परिसर की साज-सज्जा शुरू कर दी गयी है.
मेले को लेकर कमेटी गठित
45वां सालाना उर्स मेले में शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर सर्वसम्मति से गौसिया जनरल कमेटी गठित की गयी. सदर रफीक अंसारी, सेक्रेटरी लाल मोहम्मद, खजांची खादिम गुलाम ख्वाजा, नायब सदर मो अजीज, नायब सेक्रेटरी इस्लाम अंसारी तथा जुनैद अहमद अंसारी, गुलाम मुर्तजा, मास्टर मौलाना सलीमुद्दीन, मौलाना कौसर, प्रयाग ठाकुर सदस्य हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
