गोलगो पंचायत के रांगामाटी गांव के किसान ठुंडा मरांडी के खलिहान में रविवार की दोपहर आग लग गयी. खलिहान में आग लग जाने से वहां रखा बिचाली, पुआल व धान जल गयी. ठुंडा ने बताया कि घटना में उसे 20 हजार से अधिक का नुकसान हुआ है. किसान के अनुसार दोपहर में अचानक खलिहान में बिचाली के ढेर से धुआं के साथ आग की लपटे उठने लगी. आसपास मौजूद घरों की ओर आग बढ़ने लगी. हो हल्ला के बाद जुटे ग्रामीणों और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया. हालांकि, किसी भी घर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. सूचना पर झामुमो के प्रखंड संयोजक नुनूराम किस्कू घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित किसान को सांत्वना देते हुए अंचल विभाग से आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की मांग की है. कहा मामले की जानकारी गांडेय विधायक कल्पना सोरेन को भी दी जायेगी.
आग से झुलसी बच्ची
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी निवासी जगन्नाथ साहू की छह वर्षीय पुत्री माही कुमारी आग से झुलस गयी. उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. घटना रविवार सुबह की है. बच्ची के पिता ने बताया कि रविवार की सुबह करीब सात बजे उसकी बेटी खेल रही थी. वहीं, उसकी मां घर में चूल्हा जलाकर किसी दूसरे काम में लगी हुई थी. बच्ची अचानक खेलते-खेलते चूल्हे के तरफ चली गयी और आग से झुलस गयी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
