बिहार पुलिस ने तिसरी के लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा था नक्सली को
निशानदेही पर भुल्ला को गुफा के अंदर पुलिस ने भेजा तो सुरंग के अंदर-अंदर भाग निकला
गिरिडीह : झारखंड-बिहार की सीमा पर चलाये जा रहे अभियान के दौरान पुलिस की गिरफ्त में आया नक्सली अमृत भुल्ला भाग निकला. सर्च अभियान के दौरान बिहार की पुलिस ने झारखंड-बिहार की सीमा पर स्थित चकाई थाना क्षेत्र से शनिवार को बुधन मांझी समेत तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया था.
बुधन मांझी की निशानदेही पर बिहार की पुलिस ने लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र के थानसिंहडीह से अमृत भुल्ला नामक नक्सली को पकड़ा था. बताया जाता है कि बुधन मांझी व अमृत भुल्ला को लेकर बिहार पुलिस झारखंड व बिहार की सीमा पर स्थित तिसरी व जमुई के इलाके में छापेमारी अभियान चला रही थी.
पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहार व झारखंड की सीमा पर स्थित एक गुफा में हार्डकोर नक्सली पिंटू राणा विस्फोटक व हथियार के साथ छिपा हुआ है. इसी गुफा में प्रवेश के लिए रविवार रात बिहार की पुलिस ने सीआरपीएफ जवानों के साथ सबसे पहले गुफा को घेर लिया.
इसके बाद अमृत भुल्ला को एक सर्च लाइट देकर गुफा के अंदर भेजा. सूत्रों ने बताया कि गुफा के अंदर जाने के बाद अमृत भुल्ला अंदर ही अंदर सुरंग के माध्यम से भाग निकला. वहीं पुलिस गुफा के बाहर उसका इंतजार करती रही. सूत्रों ने बताया कि इस घटना के बाद अमृत भुल्ला की खोजबीन के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर छापा भी मारा, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लग पायी है.
