रोड/सरिया : सरिया प्रखंड के दो गांवों में बीते मंगलवार की रात हाथियों के झुंड ने फिर तबाही मचाई. हाथियों ने धान की फसल को नष्ट कर दिया. साथ ही टमाटर, खीरा व करेला आदि महंगी सब्जियों को चट कर गये. बताया जाता है कि देर रात करीब 11 बजे से चार बजे तक हाथियों के झुंड ने बकराडीह एवं कोंडरबेड़ा गांव में उत्पात मचाया.
20 की संख्या में थे गजराज : भुक्तभोगियों में बकराडीह गांव के अर्जुन कुशवाहा, राधेश्याम कुशवाहा, वजीर महतो, रामलाल महतो, चेतलाल महतो, दशरथ महतो, मनोज कुमार, नन्दकिशोर वर्मा आदि के खेतों में रात करीब 11 बजे हाथी खेतों में लगे टमाटर, करेला, खीरा की फसलें चट कर गए. धान की फसलों को रौंदते हुए झुंड जंगल की ओर चला गया. किसान राधेश्याम ने बताया कि हाथियों की संख्या 20 थी.
ग्रामीण हुए असहाय : हाथियों का यह झुंड तड़के करीब दो बजे खेत में प्रवेश करता था, पर मंगलवार की रात अचानक 11 बजे ही खेत में प्रवेश कर गये. ऐसे में किसान उन्हें भगाने का कोई उपाय भी नहीं कर पाये. कहा कि हाथियों के झुंड ने किसानों की लगभग 50 हजार की सब्जियों की फसलें चट कर गये. भुक्तभोगियों ने मामले की जानकारी रेंजर को देते हुए मुआवजा देने की मांग की है.
