क्राइम : संगठित गिरोह दे रहा है घटनाओं को अंजाम
दस दिनों के अंदर जमुआ व देवरी से वाहन चोरी की दो घटनाएं घटीं
तिसरी से एक मालवाहक की चोरी का प्रयास
गिरिडीह :जिले में मालवाहक व चारपहिया वाहन चोरों का गिरोह सक्रिय हो गया है. इन्हें पकड़ने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है. पिछले दस दिनों के अंदर जमुआ व देवरी से चारपहिया वाहनों की चोरी की दो घटनाएं घट चुकी है. जबकि तिसरी से एक मालवाहक की चोरी का प्रयास किया गया है. ऐसी घटनाओं से वाहन मालिक सहमे हुए हैं.
कहा जा रहा है कि चोरी की इन घटनाओं में जिले के उचक्के से लेकर दूसरे जिले के अपराधी भी शामिल हैं. उचक्के वाहनों की रेकी करने से लेकर टपाने का काम करते हैं, जबकि वाहनों को दूसरे जिले के अपराधी खपाते हैं.
कब-कब घटी घटनाएं : 29 जुलाई 2019 की रात को चोरों ने जमुआ थाना इलाके के बाटी में जेएच 10 एएक्स 1964 नंबर की बोलेरो पिकअप वैन की चोरी कर ली. इसपर जमुआ की स्टील दुकान का चदरा लदा हुआ था.
इसे लेकर 30 जुलाई को वाहन के मालिक मो. इरशाद ने इसकी शिकायत थाना में की थी. चालक वाहन पर चदरा लादकर बोकारो से जमुआ के लिये चला था. रात अधिक होने के कारण चालक ने चदरा लदे वाहन को बाटी के पास खड़ा कर दिया और यहीं से उस वाहन की चोरी हो गयी. इसी तरह पिछले माह ही सरिया थाना क्षेत्र के नावाडीह से भी बोलेरो पिकअप वैन (जेएच 02एएन 6751) की चोरी हो गयी. घटना को लेकर सरिया के फकिरापहरी निवासी महेंद्र मोदी ने थाना में शिकायत की थी.
जबकि नौ अगस्त की रात को देवरी थाना क्षेत्र के चतरो में घर के सामने से बोलेरो वाहन की चोरी कर ली गयी. चोरी गया वाहन जेएच 04एफ 5070 चतरो निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ टिंकू सिंह का है. टिंकू के मुताबिक शुक्रवार को कांवरिया यात्रियों को लेकर सुल्तानगंज गये थे. वहां से लौटने के बाद उक्त बोलेरो गाड़ी को घर के सामने खड़ा कर सो गया. शनिवार की सुबह जब नींद खुली तो वाहन गायब मिला.
