सरिया : धनबाद के गोविंदपुर जीटी रोड पर सड़क दुर्घटना में सोमवार की रात सरिया अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी उमेश गुप्ता (57) की मौत हो गयी. उनके साथ कार सवार तीन अन्य लोग घायल हो गये. घायलों में सरिया के औरवाटांड़ निवासी नीरज मंडल (33), पचंबा निवासी अशोक मंडल (40) व चंद्रमारणी निवासी दुलार मंडल (46) शामिल हैं.
सभी का इलाज धनबाद पीएमसीएच में चल रहा है. ये लोग कार से सोमवार की रात निरसा से लौट रहे थे. इसी बीच गोविंदपुर के पास कार अनियंत्रित हो कर डिवाइडर से टकरा गयी. घटना में बगोदर के अटका निवासी सह सरिया अंचल में बीते चार वर्षों से कार्यरत उमेश गुप्ता की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य जख्मी हो गये. पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया.
सरिया प्रखंड कार्यालय में आयोजित हुई शोक सभा
राजस्व कर्मचारी की मौत की खबर पर मंगलवार को सरिया अंचल ,प्रखंड व अनुमंडल कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा. करीब डेढ़ बजेे तीनों विभाग के अधिकारी,कर्मचारी व तमाम जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से प्रखंड परिसर में शोक सभा रखी. बीडीओ शशि भूषण वर्मा ने घटना की जानकारी दी. उपस्थित लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा. इसके बाद कर्मियों ने मंगलवार को काम-काज बंद रखा. शोक सभा मे सीओ सुनीता, प्रमुख रामपति प्रसाद ,कर्मचारी राजेश सूर्या, बिकास ,रवि कुमार समेत कई कर्मचारी शामिल थे.
